Uttarakhand Weather Today: उत्तराखंड में मौसम शुष्क, मैदानी क्षेत्रों में आज कोहरे का यलो अलर्ट

देहरादून। उत्तराखंड में मौसम शुष्क हो गया है। देहरादून, हरिद्वार, ऊधम सिंह नगर में कोहरे की समस्या बनी है। दिन के समय तेज धूप निकलने से राहत है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार अगले कुछ दिन मौसम शुष्क बना रहेगा। मैदानी जिलों के लिए कोहरे का यलो अलर्ट जारी किया गया है।

तीर्थनगरी में सुबह-शाम सर्द हवाओं ने बढ़ाई मुश्किल

ऋषिकेश : तीर्थनगरी में गुरुवार का दिन बेहद सर्द रहा। सुबह हल्की धूप निकलने के बाद कोहरा छा गया। उसके बाद दिनभर शीतलहर चलती रही। दोपहर में कुछ देर के लिए कोहरा हटा और धूप निकली। शाम को फिर से शीतलहर चलने लगी।

पिछले चार दिनों से शहर और आसपास मौसम साफ बना हुआ था। खासतौर से दिन में धूप खिलने के बाद लोगों को राहत मिल रही थी। हालांकि, सुबह और शाम ठंड बनी हुई थी। गुरुवार को दिन भर मौसम रंग बदलता रहा। सुबह सात बजे धूप निकल गई थी। उसके कुछ देर बाद ही तीर्थनगरी में कोहरा छाने लगा। सुबह 10 बजे तक भी कोहरा रहा। वर्षा नहीं होने और कोहरे के चलते लोग ठंड में कांपते रहे। कामकाजी लोगों को खासतौर से दिक्कत उठानी पड़ी। 11 बजे तक कोहरा कुछ कम हुआ। लेकिन शीतलहर चलती रही।

दोपहिया वाहन पर चलने वालों को परेशानी उठानी पड़ी। दोपहर एक बजे धूप में कुछ तेजी आई तो लोगों ने गुनगुनी धूप का आनंद लिया। शाम तीन बजे बाद फिर से शीतलहर शुरू हो गई। गुरुवार को बाजार में साप्ताहिक अवकाश रहा। इस कारण चहल-पहल पहले से कम थी। जो प्रतिष्ठान खुले थे, वहां भी ग्राहक कम रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *