Uttarakhand Weather Today: मैदानी क्षेत्रों में कोहरे और कड़ाके की ठंड, दून में छह डिग्री गिरा पारा

देहरादून: Uttarakhand Ka Mausam उत्तराखंड के मैदानी क्षेत्रों में इन दिनों कोहरे का प्रकोप और कड़ाके की ठंड लोगों को बेहाल कर रही है। राजधानी देहरादून में सुबह घना कोहरा और धुंध छाई रही, जबकि दोपहर के समय हल्की धूप खिलने से कुछ राहत मिली। इसके विपरीत पहाड़ी क्षेत्रों में चटख धूप खिल रही है और अधिकांश क्षेत्रों में अधिकतम तापमान सामान्य से अधिक दर्ज किया जा रहा है।

उत्तराखंड में मौसम की बेरुखी जारी है। मैदानी क्षेत्रों में लगातार कोहरे के कारण दिन के तापमान में गिरावट आ रही है, जिससे समूचा मैदान शीतलहर की चपेट में है। वहीं, पहाड़ों में सुबह और शाम के समय कड़ाके की ठंड बनी हुई है। लंबे समय से बारिश और बर्फबारी न होने के कारण दुश्वारियां बढ़ गई हैं।

राज्य की ऊंची चोटियों पर बर्फ लगभग पिघल चुकी है और निचले इलाकों में वर्षा न होने से सूखी ठंड पड़ रही है, जो स्वास्थ्य के लिए हानिकारक मानी जा रही है। इस बदले हुए मौसम का असर खेती और बागवानी पर भी साफ दिखाई देने लगा है। उधर, कोहरे का असर रेलवे, रोडवेज और हवाई सेवाओं पर भी पड़ रहा है। देहरादून आने वाली 12 फ्लाइट गुरुवार को देरी से पहुंचीं।

पर्वतीय क्षेत्रों में दो-चार दिन बार हल्की बर्फबारी के संकेत

मौसम विभाग का कहना है कि ताजा पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से दो से चार दिन बाद पर्वतीय क्षेत्रों में हल्की बर्फबारी और निचले इलाकों में वर्षा की संभावना बन रही है। इससे उत्तरकाशी, चमोली और पिथौरागढ़ जनपदों के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में कहीं-कहीं बहुत हल्की वर्षा और बर्फबारी हो सकती है। यह बर्फबारी 3500 मीटर या उससे अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हो सकती है।

राज्य के शेष जनपदों में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। उधर, मौसम विभाग ने कोहरे को लेकर आरेंज अलर्ट भी जारी किया है। मौसम विभाग ने हरिद्वार और उधम सिंह नगर के साथ ही नैनीताल, चंपावत, देहरादून और पौड़ी जनपदों के मैदानी क्षेत्रों के कुछ हिस्सों में शीत दिवस से भीषण शीत दिवस की स्थिति की चेतावनी जारी की है।

सूखा बीत रहा दिसंबर

खास बात यह है कि वर्ष 2009 के बाद पहली बार ऐसा हो रहा है, जब दिसंबर का पूरा महीना लगभग सूखा बीत रहा है। दून में गुरुवार को मौसम का मिजाज बदलने से अधिकतम तापमान में करीब छह डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई।

शहर, अधिकतम, न्यूनतम

देहरादून, 18.0, 7.8

उधमसिंह नगर, 20.2, 7.2

मुक्तेश्वर, 19.6, 4.7

नई टिहरी, 18.0, 4.6

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *