देहरादून समेत कई शहरों में शीत लहर का ऑरेंज अलर्ट, उत्तराखंड के मैदानी क्षेत्रों में घने कोहरे की चेतावनी

देहरादून। उत्तराखंड में मौसम शुष्क बना हुआ है। पहाड़ से लेकर निचले इलाकों में चटख धूप खिल रही है। हालांकि, मैदानी क्षेत्रों में कहीं-कहीं कोहरे का प्रकोप है। इस बीच पहाड़ों में पारे में वृद्धि तो मैदानी क्षेत्रों में गिरावट दर्ज की गई है। वहीं, मौसम विभाग की ओर से आज और कल देहरादून के अलावा प्रदेश के मैदानी शहरों में घने कोहरे और शीत लहर का आरेंज अलर्ट जारी किया है।

देहरादून समेत आसपास के क्षेत्रों में सुबह के समय हल्की धुंध और कोहरा दुश्वारियां बढ़ा रहा है। जबकि, ऊधमसिंह नगर, हरिद्वार, नैनीताल और पौड़ी जिले के मैदानी क्षेत्रों में घने कोहरे का प्रकोप बरकरार है। जिससे सुबह दृश्यता घट गई है और पारे में भी भारी गिरावट दर्ज की जा रही है

वहीं, दिन में दून और पर्वतीय क्षेत्रों में चटख धूप खिलने से पारे में वृद्धि हो रही है। ऊधमसिंह नगर में अधिकतम पारा सामान्य से करीब छह डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया जा रहा है, जो कि मुक्तेश्वर से भी करीब चार डिग्री सेल्सियस कम है। ऐसे में यहां कहीं-कहीं शीत लहर की स्थिति बन रही है।

मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, प्रदेश में फिलहाल मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। जिससे अभी कोहरे के प्रकोप से राहत मिलती नहीं दिख रही है। आज प्रदेश में मौसम शुष्क रहने के साथ ही मैदानी क्षेत्रों में घने कोहरे और शीत लहर की चेतावनी है।

देहरादून, हरिद्वार, ऊधमसिंह नगर में कहीं-कहीं बेहद घने कोहरे और शीत दिवस को लेकर आरेंज अलर्ट जारी किया है, जो कि शुक्रवार को भी बना रहेगा। इसके बाद शनिवार को पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के आसार हैं। जिससे पर्वतीय क्षेत्रों में कहीं-कहीं आंशिक बादल छाने के साथ ही हल्की वर्षा-बर्फबारी हो सकती है।

शहर अधिकतम तापमान न्यूनतम तापमान

देहरादून 23.9 8.7

ऊधमसिंह नगर 14.9 10.6

मुक्तेश्वर 18.7 5.1

नई टिहरी 18.0 5.0

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *