देहरादून। राजधानी दून में ट्रैफिक जाम की समस्या दिनों दिन बेकाबू स्थिति की तरफ बढ़ रही है। ऐसे में यातायात सुधार के लिए प्रस्तावित महत्वकांक्षी परियोजनाओं पर धरातल पर जल्द काम शुरू करना होगा। रिस्पना और बिंदाल नदी पर 6200 करोड़ रुपए से बनने वाली एलिवेटेड रोड परियोजना पर जनवरी 2024 से धरातल पर कसरत तेज की जा रही है, लेकिन अभी तक पहले चरण के जमीन अधिग्रहण के काम भी पूरे नहीं किए जा सके हैं। परियोजना की धीमी प्रगति को तोड़ने के लिए जिलाधिकारी सविन बंसल ने गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक लेते हुए अधिकारियों के पेच कसे।
जिलाधिकारी बंसल ने कहा कि रिस्पना और बिंदाल नदी पर प्रस्तावित करीब 26 किलोमीटर की दो रोड परियोजनाओं में बड़े स्तर पर जमीन का अधिग्रहण किया जाना है। साथ ही बेघर होने वाले व्यक्तियों के पुनर्वास के लिए भी जमीन की आवश्यकता है। ऐसे में उन्होंने नगर निगम और एमडीडीए से अपनी अपनी जमीन का ब्यौरा प्रस्तुत करने को कहा।
इसके साथ ही उन्होंने निर्देश दिए कि परियोजना के दायरे में जिन जिन विभागों की भूमि आ रही है, उनका विवरण भी उपलब्ध कराया जाए। ताकि धारा 11 के अथत भूमि अधिग्रहण के लिए प्रारंभिक अधिसूचना का प्रकाशन किया जा सके।
जिलाधिकारी ने चेताया कि यह परियोजना मुख्यमंत्री के ड्रीम प्रोजेक्ट में शामिल है। ऐसे में किसी भी शिथिलता के लिए कोई गुंजाइश नहीं है। बैठक में विशेष भूमि अध्याप्ति अधिकारी स्मृता परमार, उपजिलाधिकारी कुमकुम जोशी, उपजिलाधिकारी सदर हरि गिरि, उपजिलाधिकारी विकासनगर विनोद कुमार, उप नगर आयुक्त गोपाल राम बिनवाल, एनएचएआइ के परियोजना निदेशक विशाल गुप्ता, लोनिवि के अधीक्षण अभियंता ओपी सिंह आदि उपस्थित रहे।