देहरादून। आप उत्तराखंड की सड़कों पर चल रहे हैं तो आपको शाम छह बजे से लेकर नौ बजे तक विशेष सतर्कता बरतने की जरूरत है। कारण यह कि प्रदेश में सबसे अधिक दुर्घटनाएं इसी समय होती हैं। प्रदेश में इस वर्ष जनवरी से अक्टूबर तक हुई दुर्घटनाओं के आंकड़ों पर नजर डालें तो प्रदेश में इस अवधि में कुल 1488 सड़क दुर्घटनाएं हुई हैं इनमें से सबसे अधिक 279 सड़क दुर्घटनाएं शाम छह से रात नौ बजे के बीच हुई हैं और इसमें 157 व्यक्तियों की मौत हुई है।
प्रदेश में सड़क सुरक्षा को लेकर लगातार अभियान चल रहे हैं लेकिन यह सही बात है कि शाम छह बजे के बाद सड़कों से पुलिस नदारद हो जाती है। यह समय आफिस से घर आने वालों व शराब पीकर वाहन चलाने वालों का होता है। इसी समय पुलिस सड़कों से गायब नजर आती है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में हुई सड़क सुरक्षा परिषद की बैठक में यह आंकड़ा प्रस्तुत किया गया। जिस पर मुख्यमंत्री ने इस अवधि में विशेष निगरानी के निर्देश दिए हैं।