ऋषिकेश: शिवपुरी क्षेत्र के अंतर्गत एक बंजी जंपिंग में युवक के चोटिल होने का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित होने से क्षेत्रवासियों समेत आलाधिकारियों में भी हड़कंप मचा रहा। वीडियो में एक युवक छत पर गिरा हुआ नजर आ रहा है।
पर्यटन विभाग ने वीडियो का संज्ञान लेते हुए संबंधित थ्रिल फैक्ट्री बंजी जंपिंग केंद्र शिपपुरी पर सभी साहसिक गतिविधियों पर रोक लगा दी है और उक्त केंद्र का सेफ्टी आडिट कराने के आदेश दिए हैं। घायल ग्रुरुग्राम निवासी युवक को एम्स ऋषिकेश में भर्ती कराया गया है।
यह घटना बुधवार 12 नवंबर की है। इस हादसे को लेकर कई लोग बंजी जंपिंग केंद्र के स्तर पर लापरवाही की बात कर रहे हैं। बताया जा रहा है कि बंजी जंपिंग करते हुए युवक से कनेक्ट रस्सी टूट गई, जिससे वह एक छत पर जा गिरा। हालांकि, अभी इसकी पुष्टि नहीं हो सकी है।
पर्यटन विभाग गंभीर
पर्यटन विभाग ने इस घटना को गंभीरता से लिया है और बंजी जंपिंग केंद्र में सुरक्षा मानकों की जांच कराने का निर्णय लिया है। वहीं, मुनिकीरेती पुलिस ने अभी तक पीड़ित पक्ष की ओर से कोई शिकायत मिलने से इन्कार किया है, साथ ही शिकायत मिलने पर आवश्यक कार्रवाई करने की बात कही है।
युवक के एम्स में भर्ती
पुलिस ने बताया कि घायल युवक के एम्स ऋषिकेश में भर्ती होने की जानकारी मिल रही है। मीडिया को दिए बयान में थ्रिल फैक्ट्री बंजी जंपिंग स्टेशन के महाप्रबंधक राजेश रावत ने कहा कि घटना दुखद है। यह घटना बुधवार शाम की है। घायल युवक गुरुग्राम का है। यह घटना कैसे घटित हुई, इसकी विस्तृत तकनीकी जांच कराई जा रही है।
हादसे को लेकर चलती रही चर्चाएं
इस घटना को लेकर दिनभर अलग अलग चर्चाएं चलती रहीं। पहले यह सामान्य हादसा होने की बात कही जाती रही। जबकि, कई लोग इसे हादसे की जगह ब्लागिंग शूटिंग बताते रहे। हालांकि मामला दबाने का प्रयास भी होता रहा।
देर शाम बाद पर्यटन विभाग व पुलिस की पूछताछ के बाद स्पष्ट हुआ कि बंजी जंपिंग करने वाला युवक वास्तव में गिरकर चोटिल हुआ। इसके बाद पर्यटन विभाग के अधिकारी भी हरकत में आए।