Weather Update: दुश्वारियां बढ़ाने लगा कोहरा, आज हरिद्वार-ऊधमसिंह नगर में अलर्ट

देहरादून। उत्तराखंड में मौसम शुष्क है और तेज धूप खिलने से पारा सामान्य से अधिक बना हुआ है। हालांकि, पर्वतीय क्षेत्रों में सुबह-शाम ठिठुरन बढ़ गई है। इसके अलावा रात को पाला पड़ रहा है। मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश में फिलहाल मौसम शुष्क बना रहने का अनुमान है। ऐसे में पारा सामान्य से अधिक बना रह सकता है। हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर में कोहरा छाने की चेतावनी है।

तापमान में दिखा ये हाल

शनिवार को देहरादून समेत आसपास के क्षेत्रों में दिनभर चटख धूप खिली रही। जिससे अधिकतम तापमान भी सामान्य से तीन डिग्री सेल्सियस अधिक बना रहा। इसके अलावा दून का न्यूनतम तापमान भले ही 13 डिग्री सेल्सियस से कम पहुंच गया है, लेकिन यह अब भी सामान्य से एक डिग्री सेल्सियस अधिक है। दिन और रात के पारे में बढ़ रहे अंतर के कारण सेहत नासाज होने का खतरा भी बढ़ गया है। इसके साथ ही पारा और कोहरा भी दुश्वारियां बढ़ाने लगा है।

कोहरा छाने की आशंका

मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, प्रदेश में आज भी मौसम शुष्क बना रह सकता है। पहाड़ों में पाला और मैदानी क्षेत्रों में कहीं-कहीं हल्के से मध्यम कोहरा छाने की आशंका है। तापमान सामान्य या उससे अधिक बना रह सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *