देहरादून। उत्तराखंड में मौसम का मिजाज बदला हुआ है। पहाड़ से मैदान तक बादल मंडरा रहे हैं और मध्यम से तीव्र वर्षा के दौर हो रहे हैं। देहरादून समेत कई क्षेत्रों में शाम को तीव्र वर्षा रावण दहन में भी बाधा बनी। करीब एक घंटे तक झमाझम वर्षा का दौर चला।
मौसम विभाग के अनुसार, शुक्रवार को भी देहरादून-नैनीताल समेत कई जिलों में गरज-चमक के साथ तीव्र बौछारें पड़ सकती हैं। इसे लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, अगले कुछ दिन वर्षा का क्रम बना रह सकता है।
धूप और बादलों की आंख-मिचौनी
देहरादून समेत आसपास के क्षेत्रों में सुबह से ही धूप और बादलों की आंख-मिचौनी चलती रही। दोपहर बाद मौसम का मिजाज बदला और आसमान में घने बादलों ने डेरा डाल लिया। करीब शाम चार बजे दून में कहीं-कहीं हल्की वर्षा शुरू हुई जो कि धीरे-धीरे तीव्र बौछारों में बदल गई
करीब डेढ़ घंटे तक झमाझम वर्षा का सिलसिला चलता रहा। पर्वतीय क्षेत्रों में हल्की से मध्यम वर्षा के दौर हुए। कुमाऊं में भी कहीं-कहीं जोरदार बारिश रिकार्ड की गई। पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता के चलते अगले कुछ दिन वर्षा का क्रम बना रह सकता है।