Uttarakhand News: GST को लेकर मंत्री व विधायक जनता को करेंगे जागरूक, CM धामी ने कहा- आत्मनिर्भर बनेगा उत्तराखंड

 

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को वर्चुअल माध्यम से प्रदेश के मंत्री-विधायक समेत जनप्रतिनिधियों से संवाद किया। कहा, 22 सितंबर से पूरे देश में जीएसटी की नई दरें प्रभावी होंगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जीएसटी की संशोधित दरों से प्रदेश की आर्थिकी को मजबूती मिलेगी। वोकल फार लोकल व लोकल टू ग्लोबल की दिशा में राज्य को गति प्रदान होगी। उन्होंने इस ऐतिहासिक निर्णय के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण का आभार जताया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि नई दरों का लाभ आम जनता और व्यापारिक समुदाय तक तीव्रता से पहुंचे, इसके लिए प्रदेश में व्यापक जन जागरूकता अभियान चलाया जाएगा।

उन्होंने सभी जनप्रतिनिधियों से आह्वान किया कि वे 22 से 29 सितंबर तक अपने-अपने क्षेत्रों में जागरूकता कार्यक्रमों का संचालन करें। प्रभारी मंत्री अपने-अपने जनपदों तथा विधायक अपने विधानसभा क्षेत्र में अभियान का नेतृत्व करेंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड के अंब्रेला ब्रांड हाउस आफ हिमालयाज और जीआइ टैग प्राप्त 27 उत्पाद, एक जनपद दो उत्पाद योजना तथा अन्य स्थानीय हस्तशिल्प और कृषि उत्पाद को नए कर ढांचे से बढ़ावा मिलेगा। इससे स्वरोजगार के अवसर बढ़ेंगे व आत्मनिर्भर उत्तराखंड की परिकल्पना को साकार करने में सहयोग मिलेगा।

मुख्यमंत्री ने सभी विभागों एवं निकायों को इस अभियान को सफल बनाने के लिए निरंतर प्रयास करने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि ग्राम सभाओं और नगर निकायों के स्तर पर बैठकों का आयोजन हो, जिसमें ग्रामीणों और शहरी क्षेत्र में व्यक्तियों को विस्तृत जानकारी दी जाए।

साथ ही उद्योग विभाग को भी यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए कि जीआई टैग वाले उत्पादों और एक जनपद दो उत्पाद योजना को और अधिक सशक्त तथा बाज़ारोन्मुख बनाया जाए। मुख्यमंत्री ने कहा, जागरूकता अभियान केवल प्रचार तक सीमित न रहे बल्कि इसमें आमजन की सहभागिता और जनभागीदारी भी सुनिश्चित हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *