देहरादून। नगर निगम देहरादून में पहली बार आफिस कर्मचारियों के लिए बायोमेट्रिक हाजिरी सिस्टम लागू कर दिया गया है। अब कर्मचारियों को सुबह ठीक 10 बजे तक हाजिरी लगानी अनिवार्य होगी और शाम पांच बजे पहले कोई कर्मचारी नहीं जाएगा। तय समय पर हाजिरी नहीं लगाने की स्थिति में कर्मचारियों को अनुपस्थित माना जाएगा।
साथ ही फील्ड कर्मचारियों के लिए भी नियमित गतिविधियों का रिकॉर्ड तैयार करने की व्यवस्था की गई है। नगर निगम प्रशासन का यह कदम लंबे समय से मिल रही शिकायतों के बाद उठाया गया है।
लगातार यह जानकारी सामने आ रही थी कि सीटिंग कर्मचारी समय पर दफ्तर नहीं पहुंचते और कई बार दोपहर के बाद हाजिरी लगाने की प्रवृत्ति बढ़ती जा रही थी। ऐसे में जनता को अपने कार्य करवाने में कठिनाई का सामना करना पड़ रहा था।
कुछ कर्मचारी तो रजिस्टर में दिन में सुबह का समय लिख हाजिरी लगा लेते थे। इस देखते हुए नगर निगम प्रशासन ने हाउस टैक्स अनुभाग, भूमि अनुभाग और एकाउंट्स अनुभाग में बायोमेट्रिक हाजिरी सिस्टम लागू कर दिया है।
फील्ड स्टाफ के लिए भी कड़े नियम
फील्ड स्टाफ के लिए भी नगर निगम ने नई व्यवस्था लागू की है। अब फील्ड ड्यूटी करने वाले कर निरीक्षक, सफाई निरीक्षक, सफाई सुपरवाइजर, पर्यावरण मित्र और नाला गैंग कर्मियों को रजिस्ट्रर में अपनी उपस्थिति दर्ज करनी होगी।
रजिस्ट्रर में ड्यूटी पर आने और जाने का समय लिखना अनिवार्य होगा। इसके साथ ही फील्ड स्टाफ को यह भी बताना होगा कि उन्होंने दिनभर में कितना और कौन-सा काम किया।