देहरादून। लगातार हो रही बारिश के बाद अचानक गर्मी ने लोगों की सेहत पर प्रतिकूल प्रभाव डालना शुरू कर दिया है। अस्पताल में सर्दी, जुकाम और वायरल फीवर के मरीजों की संख्या में तेजी से वृद्धि हुई है। वहीं, श्वास संबंधी रोगों से पीड़ित मरीजों को भी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
डाक्टरों के अनुसार, मौसमी बदलाव ने स्थिति जटिल कर दी है, जिससे मरीजों की संख्या में भी इजाफा हुआ है। स्थिति यह है कि दून मेडिकल कालेज चिकित्सालय में मरीजों की संख्या हर दिन रिकार्ड तोड़ रही है। सोमवार को जहां ओपीडी 2700 पार पहुंची थी, मंगलवार को 2876 मरीज ओपीडी में पहुंचे।
दून मेडिकल कालेज अस्पताल के मेडिसिन विभाग के एसोसिएट प्रोफेसर डा. अंकुर पांडेय का कहना है कि तापमान में बदलाव के कारण शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता कमजोर हो जाती है, जिससे बीमार होने का खतरा बढ़ जाता है।
इस दौरान बुखार, खांसी व जुकाम के मरीजों की संख्या बढ़ने लगती है। इस मौसम में दूषित पानी और अस्वास्थ्यकर खानपान भी सेहत को बिगाड़ रहा है। बाल रोग के विभागाध्यक्ष डा. अशोक के अनुसार दूषित पानी व अस्वास्थ्यकर खानपान से बच्चे भी लगातार बीमारी की जग में आ रहे हैं।
पीलिया और डायरिया के काफी मामले आ रहे हैं। पानी उबालकर और छानकर पीने से इससे बचा जा सकता है। विशेष रूप से बच्चों को उबला हुआ पानी ही देना चाहिए।