Dehradun Crime: स्कूल के लिए निकलीं दो छात्राएं लापता, पुलिस कर रही तलाश

देहरादून। घर से निकलीं दो छात्राएं लापता हो गईं। छुट्टी होने के बाद भी जब वह डेढ़ बजे तक घर नहीं पहुंचीं तो स्वजनों ने उनकी तलाश शुरू की। दोनों छात्राओं का कहीं पता नहीं लग पाया तो उन्होंने पटेलनगर कोतवाली में तहरीर दी। पुलिस ने दोनों मामलों में अपहरण की धारा में मुकदमा दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।

एक व्यक्ति ने पटेलनगर कोतवाली में तहरीर दी कि उनकी 15 वर्षीय पुत्री सोमवार सुबह सात बजे स्कूल के लिए निकली। वह हर रोड डेढ़ बजे घर लौट जाती थी, लेकिन सोमवार को वह दो बजे तक घर नहीं पहुंची। पुत्री के बारे में स्कूल से भी कोई जानकारी नहीं मिली।

इसके बाद उन्होंने अपने रिश्तेदारों व पुत्री की सहेलियों से संपर्क किया, उनसे भी कोई जानकारी नहीं मिल पाई। इसी तरह एक अन्य व्यक्ति ने बताया कि उनकी 14 वर्षीय पुत्री सोमवार सुबह सात बजे स्कूल गई। छुट्टी होने के बाद दो बजे तक वह घर नहीं पहुंची तो वह पता करने के लिए स्कूल पहुंचे।

स्कूल से जानकारी मिली कि उनकी पुत्री स्कूल ही नहीं आई थी। इसके बाद उन्होंने पुत्री के सहेलियों व रिश्तेदारों से पता किया तो वहां से भी पुत्री के संबंध में कोई पता नहीं लग पाया। पटेलनगर कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक चंद्रभान अधिकारी ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर दोनों छात्राओं की तलाश शुरू कर दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *