Rain In Uttarakhand: देहरादून में भारी बारिश से आफत, एक मकान गिरा; सड़कें क्षतिग्रस्त और कई इलाकों में जलभराव

 

देहरादून। दून में भारी बारिश लगातार परीक्षा ले रही है। शनिवार को करीब छह घंटे लगातार हुई बारिश से जनजीवन प्रभावित हो गया। कारगी ग्रांट में चाणचक चौक के पास एक मकान का पिछला हिस्सा धराशायी हो गया।

गनीमत रही कि कोई जनहानि नहीं हुई। इसके अलावा शहर के ज्यादातर क्षेत्रों में बारिश के कारण सड़कें खस्ताहाल हो गईं। कई जगह विद्युत पोल, पुश्तों और नदी के किनारे स्थित भवनों को भी खतरा पैदा हो गया है। आज भी दून में भारी बारिश दुश्वारियां बढ़ा सकती है।

शनिवार तड़के दून और आसपास के क्षेत्रों में जोरदार बारिश का सिलसिला शुरू हुआ। लगातार हो रही बारिश से नदी-नाले उफान पर आ गए। शहर के मुख्य मार्गों पर जलभराव हुआ। खासकर प्रिंस चौक, दून अस्पताल रोड, दर्शनलाल चौक, रेलवे स्टेशन के पास और गांधी रोड पर जगह-जगह पानी भर गया। नालियां ओवरफ्लो होने से बारिश का पानी सड़कों पर बहता रहा।

दून में मूसलाधार बारिश के कारण जनजीवन प्रभावित

वहीं, नदी-नाले भी उफान पर आ गए। रिस्पना-बिंदाल समेत ज्यादातर नदी-नालों में उफान के कारण आसपास की बस्तियों को खतरा पैदा हो गया। इसी दौरान कारगी ग्रांट क्षेत्र में नाले से सटकर बनाए गए मकान का एक हिस्सा पानी में समा गया और आसपास के अन्य मकानों को भी खतरा पैदा हो गया है। इस दौरान क्षेत्रवासियों ने पार्षद और प्रशासन की टीम को सूचना दी। जिस पर प्रभावित परिवार को अन्य शिफ्ट कर दिया गया है।

सड़कें उखड़ीं, बिजली के खंभों, पुश्तों को भी नुकसान

वहीं, प्रशासन की ओर से नदी-नालों के किनारे बसे लोगों को भी सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा नदी-नालों के किनारे भूकटाव के कारण विद्युत पोल के भी गिरने का खतरा पैदा हो गया है। साथ ही नदी किनारे पुश्तों को भी खासा नुकसान पहुंचा है।

बारिश ने बिगाड़ी सड़कों की सूरत

लगातार हो रही बारिश से सड़कें भी खस्ताहाल हो गईं हैं। जगह-जगह सड़कें उखड़ रही हैं और मुख्य मार्गों पर भी गड्ढे बन गए हैं। जिससे वाहनों के दुर्घटनाग्रस्त होने का खतरा बना हुआ है। गांधी रोड, सहारनपुर रोड, हरिद्वार रोड, त्यागी रोड, राजा रोड, धामा वाला, आढ़त बाजार, कांवली रोड सहस्रधारा रोड, आइटी पार्क के पास सड़कें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई हैं।

मालदेवता क्षेत्र में बढ़ी दुश्वारियां

मारलदेवता क्षेत्र में ग्रामीण जनजीवन बुरी तरह प्रभावित है। बारिश के कारण यहां नदी के किनारे भारी मात्रा में भूकटाव हुआ है और कई पैदल मार्ग गह गए हैं। इसके साथ ही सड़कों की भी स्थिति खराब हो गई है। पहाड़ी से रिस रहे पानी और मलबे के कारण आवाजाही जोखिमभरी हो गई है।

पीपीसीएल पुल से सरखेत जाने वाले मार्ग को खासा नुकसान पहुंचा है। इसके अलावा कद्दूखाल, धनोल्टी, सुवाखोली जाने वाले मार्ग भी क्षतिग्रस्त हैं। यहां बाजार से रसद व अन्य जरूरी सामान की आपूर्ति भी प्रभावित हो रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *