Dehradun: रायवाला स्कूल में घुसा गुलदार, वन विभाग कर्मियों को चकमा देकर हुआ फरार

रायवाला । प्रतीतनगर स्थित सत्येश्वरी देवी मेमोरियल इंटर कालेज परिसर में रविवार सुबह एक गुलदार आ पहुंचा। किसी की नजर गुलदार पर पड़ी, जिसके बाद यह बात पूरे क्षेत्र में फैल गयी। ग्राम प्रधान राजेश जुगलान ने इसकी सूचना राजाजी टाइगर रिजर्व के अधिकारियों को दी।

गुलदार स्कूल के पीछे गली में झाड़ियों में बैठ गया। गुलदार को पकड़ने के लिए वन विभाग और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। लेकिन गुलदार वन कर्मियों को चकमा देकर स्कूल परिसर से निकला औ पास के धान के खेतों की तरफ भाग निकला।

अनुमान है कि गुलदार सिंचाई नाले में मौजूद झाड़ियों में या धान के खेत में छिपा हो सकता है। वन कर्मियों की टीम उसे खेतों में तलाश रही है। सहायक वन संरक्षक अजय सिंह ने ग्रामीणों से सावधानी बरतने की अपील की है।

वहीं गुलदार को देखने के लिए आस-पास घरों की छत पर लोग जमा हो गए। हालांकि सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस ने वहां खड़े लोगों को हटने के लिए कहा। रविवार सुबह से ही काफी तेज वर्षा हो रही है। माना जा रहा है कि रात में गुलदार राजाजी टाइगर रिजर्व क्षेत्र से रिहायशी क्षेत्र में आया, मगर सुबह तक क्षेत्र में ही भटकता रहा।

गनीमत यह भी रही कि रविवार होने के चलते स्कूल में अवकाश है। वहीं, वन विभाग ने गुलदार को पकड़ने के लिए अभियान शुरू कर दिया है। हालांकि पहले वन विभाग की टीम बिना साजो सामान के खाली हाथ मौके पर पहुंच गई। बाद में जाल व अन्य सामान लेने के लिए टीम मोतीचूर रवाना हुई सूचना पर सहायक वन संरक्षक अजय सिंह भी मौके पर पहुंच गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *