वीआईपी नंबरों के दीवाने देहरादूनवासी, 0001 नंबर ने तोड़े पुराने रिकॉर्ड

 

देहरादून। लगता है 0001 नंबर दूनवासियों की शान बन चुका है। शहर में लग्जरी कारों पर अगर आपको इस नंबर की प्लेट लगी नजर आए तो समझ जाइए कि इसे पाने के लिए वाहन स्वामी उतनी कीमत अदा कर चुका है, जितने में एक मध्यम वर्गीय परिवार अच्छी-खासी कार खरीद लेगा। दून के उच्च वर्ग के लिए यह जुनून साफ नजर आ रहा है।

अब स्टेटस सिंबल बन चुके वीआइपी नंबर 0001 लेने की चाह में कोई भी कीमत चुकाने को तैयार हैं। यही कारण है कि परिवहन विभाग की अनोखे नंबरों की आनलाइन बोली में इस बार भी 0001 नंबर ने नया रिकार्ड स्थापित कर दिया। अभी डेढ़ माह पूर्व 25 मई को ही यह नंबर 13.77 लाख रुपये में बिका था और अब गुरुवार को नई सीरीज के लिए खुली बोली में यह नंबर 12.30 लाख रुपये में खरीदा गया। यह दूसरी बार है जब 0001 ने 10 लाख रुपये से ऊपर की कीमत को पार किया है।

आरटीओ (प्रशासन) संदीप सैनी ने बताया कि इस बार (यूके07-एचडी) सीरीज कुल 28 नंबरों की आनलाइन बोली लगाई गई। उन्होंने बताया कि (यूके07-एचडी) सीरीज के लिए 0001 नंबर ने इस बार भी सर्वाधिक बोली का स्थान पाया। यह नंबर दयानिधि शर्मा ने अपनी लग्जरी कार के लिए 12.30 लाख रुपये में खरीदा है।

दूसरे नंबर पर इस बार 0007 नंबर रहा, जो तीन लाख 75 हजार रुपये में बिका। तीसरा स्थान 0009 नंबर रहा, जो तीन लाख 33 हजार रुपये में बिका। चौथे नंबर पर 7777 रहा, जो एक लाख 59 हजार रुपये की बोली में खरीदा गया। पांचवें नंबर पर 0005 रहा जो एक लाख 25 हजार रुपये जबकि 1111 नंबर एक लाख 07 हजार रुपये में बिका।

इसके अलावा 7000 नंबर 92 हजार रुपये, 9999 नंबर 89 हजार रुपये, 0002 नंबर 81 हजार रुपये, 0077 नंबर 73 हजार, 0003 नंबर 67 हजार रुपये, 0999 नंबर 66 हजार रुपये जबकि 9000 नंबर 52 हजार रुपये में बिका। शेष नंबर 10 हजार रुपये से 37 हजार रुपये के बीच बिके। आरटीओ ने बताया कि आवेदकों को अब बोली की रकम 30 दिन की निर्धारित समय-सीमा में जमा करानी होगी।

0001 के लिए न्यूनतम बोली एक लाख

अगर आप 0001 नंबर लेना चाहते हैं तो इसकी न्यूनतम कीमत एक लाख रुपये है, यानी आपको यह धनराशि पहले जमा करानी होगी, उसके बाद आप आनलाइन बोली में शामिल हो सकते हैं। आरटीओ सैनी ने बताया कि 0001 और 0786 नंबर ऐसे हैं, जिनकी न्यूनतम कीमत एक लाख रुपये है, जबकि शेष नंबरों की न्यूनतम कीमत 25 हजार व 10 हजार रुपये है। हालांकि, पिछले लंबे समय से 0786 नंबर न्यूनतम कीमत भी नहीं पा रहा।

‘नौ’ के दीवाने ट्रांसपोर्टर ने खरीदे छह नंबर

निजी वाहन ही नहीं बल्कि ट्रांसपोर्टरों को भी वीआइपी नंबर भाने लगा है। इस बार छह व्यावसायिक नंबरों के लिए भी आनलाइन बोली लगी। एक ही ट्रांसपोर्टर ने (यूके07-टीई) सीरीज के लिए 0009 नंबर 25 हजार रुपये, 0099, 0999 व 9000 नंबर 10-10 हजार रुपये में खरीदे। इसी ट्रांसपोर्टर ने (यूके07-टीडी) सीरीज के लिए 0099 व 0999 नंबर को भी 10-10 हजार रुपये में खरीदा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *