देहरादून के डॉग ओनर्स खबरदार! खतरनाक कुत्तों पर नगर निगम सख्त, नहीं होगा इन डॉग्‍स का रजिस्‍ट्रेशन

देहरादून। शहर में खूंखार और प्रतिबंधित नस्लों के कुत्तों को लेकर नगर निगम की तंद्रा आखिरकार टूट गई है। लगातार हो रहे हमलों और नागरिकों की शिकायतों के बीच अब निगम ने कानून का डंडा चलाना शुरू कर दिया है। विशेष रूप से वर्ष 2024 में जारी केंद्र सरकार के आदेश के बाद निगम ने प्रतिबंधित नस्लों पर पंजीकरण पूरी तरह रोक दिया है।

प्रतिबंध के पूर्व से पाले जा रहे कुत्तों का पंजीकरण भी जुर्माने के साथ किया जाएगा। दो दिन में नगर निगम में राजवीलर, पिटकुल समेत अन्य खतरनाक प्रजाति के कुत्तों के पंजीकरण के 15 मामले पहुंचे, लेकिन नगर निगम ने उन्हें बैरंग लौटा दिया और दस्तावेज तलब कर नियमानुसार कार्रवाई की बात कही है।

जाखन की घटना के बाद नगर निगम ने कुत्तों के पंजीकरण और प्रजाति की चेकिंग को लेकर व्यापक कसरत शुरू की है। नगर निगम ने स्पष्ट कर दिया है कि अब प्रतिबंधित नस्लों (जैसे पिटबुल, राटवीलर, अमेरिकन बुली आदि) का कोई भी नया पंजीकरण नहीं किया जाएगा। ऐसे लोगों को जो रजिस्ट्रेशन कराने पहुंचे, निगम कार्यालय से लौटा दिया गया।

दरअसल, देशभर में 12 मार्च 2024 में केंद्र सरकार की ओर से 21 खूंखार नस्लों के पालन पर प्रतिबंध की अधिसूचना जारी की गई थी। उस तारीख के बाद यदि किसी ने ऐसा कुत्ता पाला, तो कानूनी कार्रवाई का प्रविधान है। हालांकि, दून में इस ओर अभी तक ध्यान नहीं दिया गया। अब नगर निगम ऐसे मामलों में कार्रवाई को हाथ-पांव मार रहा है। साथ ही पुराने पालतू कुत्तों का पंजीकरण जुर्माना और सभी शर्तें पूरी करने के बाद ही किया जाएगा।

ब्रीडिंग सेंटर और पेट शाप्स की भी होगी जांच

नगर निगम अब एनिमल वेलफेयर बोर्ड के साथ मिलकर ब्रीडिंग सेंटर, पेट शाप और डाग ब्रीडरों पर छापेमारी की तैयारी कर रहा है। अनियमित पालतू बिक्री, बिना रजिस्ट्रेशन और प्रतिबंधित नस्लों की ब्रीडिंग पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए पुलिस के साथ ही प्रशासनिक अमले का भी सहयोग किया जाएगा।

शहर को छह जोन में बांटकर विशेष निगरानी अभियान

देहरादून शहर को छह जोन में बांटकर अभियान चलाया जा रहा है। हर जोन में वार्डवार सुपरवाइज़र तैनात किए गए हैं जो घर-घर जाकर कुत्तों की जांच और निगरानी कर रहे हैं। इसके अलावा नगर निगम के पशु अनुभाग की टीमें भी रैंडम चेकिंग कर रही हैं। इस दौरान सभी प्रजाति के कुत्तों का पंजीकरण और बंध्याकरण प्रमाण पत्र चेक किया जा रहा है। पंजीकरण न कराने वालाें पर नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।

नगर निगम ने किया हेल्पलाइन नंबर जारी

नगर निगम ने खतरनाक कुत्ते पाले जाने की शिकायत के लिए नंबर जारी कर दिए हैं। आम नागरिकों से अपील की है कि अगर किसी क्षेत्र में प्रतिबंधित नस्ल के कुत्ते पाले जा रहे हैं, या बिना पंजीकरण के रखे गए हैं, तो तुरंत नगर निगम के हेल्पलाइन नंबर 8126502393 और 7017668669 पर शिकायत दर्ज करें। साथ ही पंजीकरण समेत अन्य आवश्यक जानकारी के लिए भी इन नंबर पर संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा जल्द ही टोल फ्री नंबर या व्हाट्सएप नंबर भी जारी किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *