बुजुर्ग को नोचने वाले कुत्तों का मालिक गिरफ्तार, जिस वक्त चीर रहे थे शरीर- खिड़की से झांक रहा था नफीस

 

देहरादून। मंदिर जा रही बुजुर्ग महिला को बुरी तरह से नोचने वाले कुत्तों के मालिक नफीस निवासी किशनपुर, जाखन को राजपुर थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। अब तक हुई जांच में सामने आया है कि आरोपित ने प्रतिबंधित नस्ल के खतरनाक रोटवीलर कुत्ते पालने के लिए नगर निगम से लाइसेंस नहीं लिया है

वहीं, बिना लाइसेंस प्रतिबंधित कुत्ते रखने के संबंध में नगर निगम भी आरोपित पर कार्रवाई कर सकता है। रविवार सुबह चार बजे 75 वर्षीय कौशल्या देवी मंदिर जा रही थीं। घर से थोड़ी दूरी पर नफीस के पालतू रोटवीलर दो कुत्ते उन पर झपट पड़े। देखते ही देखते कुत्तों ने उन्हें बुरी तरह से नोच दिया।

इस दौरान आरोपित अपने घर के अंदर से खिड़की से देख रहा था, लेकिन उसने बचाने का प्रयास नहीं किया। यही नहीं, आसपास के लोग जब डंडा लेकर आए तो नफीस ने उन्हें भी कुत्तों पर डंडा न मारने को कहा। जब तक बुजुर्ग को कुत्तों के चंगुल से छुड़ाया गया, वह बुरी तरह से जख्मी हो चुकी थीं।

गंभीर हालत में उन्हें दून अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां से उन्हें श्रीमहंत इंदिरेश अस्पताल रेफर कर दिया गया। जहां महिला को 200 से अधिक टांके लगाए गए।

पहले पता चला कि यह मकान मोहम्मद जैद का है, लेकिन सोमवार को जब पुलिस ने जांच की तो सामने आया कि मोहम्मद जैद ने यह मकान तीन साल पहले नफीस को बेच दिया था और खूंखार कुत्ते भी नफीस ने ही पाले थे।

पुलिस ने आरोपित से जब प्रतिबंधित नस्ल के कुत्तों को पालने का लाइसेंस मांगा तो पता चला कि उसने नगर निगम से लाइसेंस ही नहीं लिया हुआ था। वहीं अस्पताल में भर्ती बुजुर्ग की हालत अब भी गंभीर बनी हुई है।

उनकी हाथ की हड्डी का आपरेशन हो चुका है, जबकि प्लास्टिक सर्जरी की जानी है। नफीस मूल रूप से विकासनगर का रहने वाला है। घटना के बाद से ही उसने कुत्ते विकासनगर स्थित अपने घर पर शिफ्ट कर दिए हैं। पुलिस नफीस से पूछताछ कर रही है

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *