देहरादून। शहर कोतवाली पुलिस ने वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से चोरी के नौ वाहन बरामद किए गए हैँ। एसएसपी अजय सिंह ने बताया कि एक जुलाई को संजय वर्मा निवासी 32 तिलक रोड़ ने अपनी स्कूटी चोरी संबंधी शिकायत दर्ज कराई थी। इस मामले में अज्ञात के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई। एसएसआइ मनमोहन सिंह व उनकी टीम ने घटनास्थल के आसपास सीसीटीवी कैमरे खंगाले।
जांच के दौरान पुलिस ने ग्रीन वैली के पास से एक आरोपित अभिषेक निवासी खुडबुड़ा मोहल्ला को गिरफ्तार किया। पूछताछ करने पर उसने बताया कि वह नशे का आदी है और नशे की पूर्ति के लिए उसने अपने दोस्तों के साथ स्कूटी चोरी की घटना को अंजाम दिया था। पूछताछ में उसने यह भी बताया कि उन्होंने अलग-अलग क्षेत्रों से छह अन्य दो पहिया वाहनों को चोरी की थी। आरोपितों ने सभी वाहनों को बाइबल स्कूल के पास खाली प्लाट में छिपाकर रखी हुई थी। निशानदेही पर पुलिस ने छह अन्य वाहनों को बरामद कर लिया।
वहीं दूसरी ओर पटेलनगर कोतवाली पुलिस ने वाहन चोरी के दो आरोपितों को गिरफ्तार कर उनसे दो वाहन बरामद किए। आरोपितों की पहचान मोनू रावत उर्फ बागी निवासी वाणी विहार, जैन प्लाट, रायपुर और सलमान खान निवासी भगत सिंह कालोनी, रायपुर के रूप में हुई है।