ऋषिकेश। सार्वजनिक शौचालय में गई नौ साल की बच्ची के साथ वहां देखरेख का काम करने वाले साठ साल के व्यक्ति ने दुष्कर्म किया। स्वजन और आसपास के लोग जब वहां पहुंचे तो बच्ची के चिल्लाने की आवाज आई। गुस्साई भीड़ ने आरोपित की पिटाई कर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने आरोपित के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया।
ऋषिकेश कोतवाली क्षेत्र के एक मोहल्ला निवासी नौ साल की पीड़िता मंगलवार देर शाम सार्वजनिक शौचालय में गई थी। कई देर तक वह वापस नहीं लौटी तो स्वजनों ने उसकी आस पड़ोस में तलाश की। उसका कुछ पता नहीं लग पाया। स्वजन और आसपास के लोग उसकी तलाश में सार्वजनिक शौचालय के पास पहुंचे।
पास में मौजूद किसी व्यक्ति ने बताया कि कुछ देर पहले बच्ची शौचालय गई थी। वह नजदीक गए तो शौचालय के अंदर से बच्ची की चिल्लाने की आवाज आई। लोगों ने शौचालय का दरवाजा तोड़ा। बच्ची ने अपने साथ गलत काम करने की बात बताई।
इसके बाद गुस्साई भीड़ ने आरोपित को पकड़ लिया और उसकी पिटाई की। उसके बाद लोग उसे लेकर कोतवाली पहुंचे। पुलिस ने आरोपित के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। प्रभारी निरीक्षक प्रदीप राणा ने बताया कि आरोपित साठ वर्षीय अशोक को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।