Dehradun
दून में मौसम ने करवट बदल ली है और वर्षा के दौर होने से तापमान में भी कुछ गिरावट आई है। हालांकि, दून समेत आसपास के क्षेत्रों में उमस बेहाल कर रही है। आज दून में बादल छाने और कहीं-कहीं हल्की से मध्यम वर्षा होने के आसार हैं। जबकि, पर्वतीय क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ तीव्र बौछारें पड़ने को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है।
देहरादून समेत आसपास के क्षेत्रों में मौसम का मिजाज बदला हुआ है। घने बादलों के बीच बौछारों का क्रम शुरू हो गया है। खासकर पर्वतीय क्षेत्रों में कहीं-कहीं भारी वर्षा दर्ज की जा रही है। देहरादून में गुरुवार को मध्यरात्रि के बाद विभिन्न क्षेत्रों में झमाझम बौछारें पड़ीं। जिससे भीषण गर्मी से फौरी राहत मिली।
दून में बादल छाये रहनेऔर हल्की से मध्यम वर्षा के आसार
हालांकि, शुक्रवार को दिनभर बादल छाये रहने से उमस बनी रही। वहीं, अधिकतम तापमान सामान्य दर्ज किया गया। जो कि दो दिन पूर्व सामान्य से चार डिग्री सेल्सियस अधिक पहुंच गया था। दून में प्री मानसून शावर अगले कुछ दिन और तेज हो सकते हैं।
पर्वतीय क्षेत्रों में गर्जन के साथ भारी वर्षा को लेकर चेतावनी जारी
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, आज पर्वतीय क्षेत्राें में भारी वर्षा के आसार हैं। देहरादून में भी सामान्यत: बादल छाये रहने के साथ ही हल्की से मध्यम बौछारें पड़ सकती हैं। अगले चार दिन मौसम इसी प्रकार का बना रह सकता है।