Coronavirus In Dehradun: देहरादून में कोरोना वायरस का एक और मरीज मिला, डेंगू के चार नए केस मिले

 

देहरादून। देहरादून जिले में कोरोना संक्रमण और डेंगू का खतरा लगातार बना हुआ है। सोमवार को कोरोना संक्रमण का एक और नया मामला सामने आया, वहीं डेंगू के चार नए मरीज भी मिले हैं।

मुख्य चिकित्साधिकारी डा. मनोज कुमार शर्मा ने बताया कि सोमवार को 45 वर्षीय महिला की कोरोना रिपोर्ट पाजिटिव आई है। महिला को कोई गंभीर लक्षण नहीं हैं और डाक्टरों की सलाह पर वह फिलहाल होम आइसोलेशन में ही रहकर उपचार ले रही है। जिले में कोरोना संक्रमण के कुल 35 मामले सामने आ चुके हैं। इनमें से 27 मरीज देहरादून और एक मरीज हरिद्वार से है। वहीं, सात मरीज राज्य से बाहर जा चुके हैं। वर्तमान में जिले में कुल छह सक्रिय मामले हैं। यह सभी होम आइसोलेशन में हैं।

डेंगू का प्रकोप जारी, लगातार मिल रहे मरीज

जिले में डेंगू का प्रकोप भी लगातार बढ़ता जा रहा है। सोमवार को डेंगू के चार नए मामले सामने आए हैं। इनमें तीन मरीज देहरादून से हैं, जबकि एक मरीज उत्तर प्रदेश के बिजनौर का रहने वाला है। स्वास्थ्य विभाग की टीम लगातार प्रभावित क्षेत्रों में सर्वे और फागिंग कर रही है। सीएमओ ने बताया कि जिले में अब तक कुल 6161 सैंपलों की जांच की जा चुकी है। इनमें से 88 लोगों की रिपोर्ट पाजिटिव आई है। पाजिटिव पाए गए मरीजों में 52 देहरादून के निवासी हैं, जबकि 36 अन्य जिलों या अन्य राज्यों से संबंधित हैं। सोमवार को भी 104 नए सैंपल जांच के लिए भेजे गए हैं।

आशा व डेंगू वालंटियर ने किया सर्वे

आशा व डेंगू वालंटियर ने सोमवार को 14688 घरों का सर्वे किया । इस दौरान 56 घरों में डेंगू का लार्वा पाया गया। इसके अलावा 84064 कंटेनरों की जांच की गई, जिनमें से 70 कंटेनरों में लार्वा मिला, जिन्हें मौके पर ही नष्ट कर दिया गया। अब तक जिले में 649646 घरों का सर्वे हो चुका है, जिसमें 2055 घरों में डेंगू का लार्वा पाया गया है। वहीं, 4109135 कंटेनरों की जांच में अब तक 2545 कंटेनरों में लार्वा मिल चुका है।

स्वास्थ्य विभाग की अपील-पानी जमा न होने दें

सीएमओ ने कहा कि डेंगू की रोकथाम के लिए सबसे जरूरी है कि लोग अपने घरों और आसपास पानी जमा न होने दें। कूलर, गमले, टायर, पानी की टंकियों की नियमित सफाई करें। उन्होंने कहा कि बुखार, बदन दर्द, सिर दर्द जैसे लक्षण दिखने पर तुरंत जांच करवाएं। डेंगू और कोरोना से बचाव के लिए लोग पूरी सावधानी बरतें और किसी प्रकार की लापरवाही न करें।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *