Dehradun News: जन्मदिन के जश्न में डूबे युवक, थार पर चढ़कर फोड़े पटाखे; अब खा रहे जेल की हवा

 

देहरादून। पुलिस की लगातार कार्रवाई के बाद शहर में हुड़दंगी समझने का नाम नहीं ले रहे हैँ। आइटी पार्क में चार युवक जन्मदिन के जश्न में इस तरह से डूबे कि थार के ऊपर पटाखे चलाने लगे। घटना का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हो गया।

घटना का संज्ञान लेते हुए एसएसपी अजय सिंह ने तत्काल थानाध्यक्ष राजपुर को कार्रवाई के निर्देश जारी किए, जिसके बाद पुलिस ने चार युवकों को गिरफ्तार कर लिया। वहीं वाहन को सीज कर दिया गया है।

एसएसपी अजय सिंह ने बताया कि घटना एक जून की है। सहस्त्रधारा रोड पर आईटी पार्क के पास रोड पर थार वाहन में चार युवकों की ओर से पटाखे चलाकर हुड़दंग करने की सूचना मिली थी। घटना का एक वीडियो इंटरनेट मीडिया पर भी प्रसारित हुआ।

वीडियो का संज्ञान लेते हुए थानाध्यक्ष राजपुर को दिशा निर्देश जारी किए गए। शनिवार को राजपुर थाना पुलिस ने सहस्त्रधारा हाइट निवासी जानी शर्मा, नंदन, बासु कुमार और कपिल यादव को गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में युवकों ने बताया कि वह अपने मित्र जानी शर्मा के फ्लैट में जन्मदिन मनाने के बाद सहस्त्रधारा रोड पर आए व जोश में आकर उन्होंने सड़क में थार पर चढ़कर पटाखे फोड़े।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *