देहरादून। मर्चेंट नेवी के अधिकारी के वाहन को टक्कर मारकर गाली गलौच करने व जान स्व मारने की धमकी देने वाले हरियाणा के युवकों के विरुद्ध एक सप्ताह बाद मुकदमा दर्ज किया गया है। शिकायतकर्ता का आरोप है कि पुलिस उन पर समझौते का दबाव बना रही थी, लेकिन जब वह समझौते के लिए तैयार नहीं हुए तो अब जाकर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है।
पुलिस को दी तहरीर में मर्चेंट नेवी के अधिकारी हिमांशु कुमार निवासी शिव विहार महारानी बाग ने बताया कि 30 मई की रात को वह परिवार के साथ शॉपिंग करने निकले थे। इस दौरान उनके साथ उनकी पत्नी व दो बच्चे भी थे। तभी एक कार में सवार 4-5 युवकों ने जोकि नशे की हालत में थे, उनकी कार जबरन रोक कर गाली-गलौज की।
इसके बाद उनकी कार को नुकसान पहुंचाते हुए उन्हें जान से मारने की धमकी दी। घटना से उनकी पत्नी व बच्चे बुरी तरह से डर गए। इस घटना से उनका पूरा परिवार डरा हुआ है। इस मामले में शहर कोतवाली पुलिस ने एक सप्ताह बाद अज्ञात युवकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।