जिस बाेर्डिंग स्कूल में हुई दो सगे भाइयों की पिटाई, जांच में पकड़ा खेल; सोसाइटी के रजिस्ट्रेशन पर खाेला School

 

देहरादून। पटेलनगर कोतवाली क्षेत्र में बोर्डिंग स्कूल में दो सगे भाइयों के साथ मारपीट व यौन शोषण के मामले में बड़ी बात सामने आई है। जिस बोर्डिंग स्कूल में बच्चों के साथ अमानवीय घटना सामने आई है, वह बिना मान्यता के चल रहा था। पुलिस जांच में सामने आया है कि स्कूल की संचालिका पूर्व में किसी एनजीओ में काम करती थी। इसके बाद उन्होंने अपना एनजीओ शुरू कर सोसाइटी बनाई और उसका रजिस्ट्रेशन कराया।

पुलिस के अनुसार संचालिका ने स्कूल चलाने के लिए समाज कल्याण विभाग को आवेदन भेजा और इसी बीच स्कूल भी खोल दिया। यही कारण है कि स्कूल में केवल तीन बच्चों का ही दाखिला हो पाया। दूसरी ओर स्कूल में लगे सीसीटीवी का डीवीआर पुलिस के हाथ लगा है। जिसमें अध्यापक बच्चों को बेरहमी से पीटता हुआ दिख रहा है। हालांकि वीडियो में यौन शोषण की घटना सामने नहीं आई है। इसी आधार पर पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर रविवार को ड्यूटी मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया है।

पीड़ित बच्चों को किया गया स्वजनों के सुपुर्द

बोर्डिंग स्कूल में बच्चों के साथ मारपीट व यौन शोषण का मामला सामने आने के बाद बच्चों को बाल कल्याण समिति (सीडब्ल्यूसी) के सुपुर्द किया गया था। रविवार को सीडब्ल्यूसी ने बच्चों को उनके स्वजनों के सुपुर्द कर दिया है। दाेनों बच्चे मानसिक दिव्यांग (आटिज्म) हैं, ऐसे में वह सही ढंग से अपने बयान दर्ज नहीं करा पा रहे हैं। पुलिस ने प्राथमिक तौर पर बयान दर्ज करने के बाद अब जिलाधिकारी सविन बंसल को सांकेतिक भाषा अनुवादक की नियुक्ति करने के लिए प्रार्थनापत्र भेजा है। सांकेतिक भाषा अनुवादक की नियुक्ति होने के बाद अब मंगलवार को पीड़ित बच्चों के बयान दर्ज किए जाएंगे।

यह है पूरा मामला

पटेलनगर क्षेत्र में विशेष बच्चों (मानसिक दिव्यांग) के एक बोर्डिंग स्कूल में दो सगे भाइयों के साथ यौन शोषण का मामला सामने आया। मुरादाबाद निवासी एक महिला ने महीनेभर पहले ही उनका दाखिला कराया था। जब वह बच्चों से मिलने पहुंची तो उन्होंने यौन शोषण की जानकारी दी। आरोप स्कूल के ही शिक्षक मोनूपाल पर है, जो ग्राम इंद्रपुर हेड़ी, थाना सादियाबाद, गाजीपुर, उत्तर प्रदेश का रहने वाला है। पुलिस ने आरोपित के विरुद्ध पोक्सो अधिनियम में मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *