देहरादून। देवभूमि के शांत वातावरण को अब शराब पार्टी व स्टंटबाजी की घटनाओं ने शर्मसार कर दिया है। आए दिन पर्यटक स्थलों पर शराब पीकर उपद्रव मचाने की घटनाएं सामने आ रही हैं। यही नहीं रात के समय युवक-युवतियां शराब पीकर बेरोकटोक वाहन दौड़ाते हैं, जिसके कारण लगातार हादसे हो रहे हैं। शराब के नशे में हत्या के प्रयास की भी कई घटनाएं हो चुकी हैं। लगातार बढ़ती घटनाओं को लेकर शहरवासी भी दहशत में हैं।
गुरुवार को भोगपुर के शीला चौकी मार्ग पर शराब के नशे में चूर कुछ युवक-युवतियां ने खूब हंगामा किया। हाथापाई के बाद एक युवक के ऊपर कार चढ़ाने का प्रयास किया गया। इससे पूर्व में ऋषिकेश व मसूरी में भी इस तरह की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। सरकार पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए पर्यटक स्थलों पर आने वाले युवक-युवतियों को रोक-टोक नहीं करती, जिसके कारण इनके हौंसले लगातार बढ़ते जा रहे हैं।
पर्यटक स्थलों का हाल यह है कि यहां पर खुलेेआम शराब पार्टी चलती है। पुलिस कभी-कभार यहां चेकिंग कर कार्रवाई करती है, लेकिन सहस्त्रधारा रोड व मालदेवता क्षेत्र का हाल यह है कि युवक-युवतियां पिकनिक मनाने के नाम पर यहां पर खूब शराब पार्टी करते हैं, जिसके कारण कई बार लड़ाई झगड़े की नौबत तक आ जाती है, इन्हीं क्षेत्रों से लड़ाई झगड़े की कई शिकायतें पुलिस के पास पहुंची हैं।
युवक ने युवती पर जड़े थे थप्पड़
13 अप्रैल को सहस्त्रधारा में नशे में धुत युवक-युवतियों में जमकर लड़ाई हुई। इस दौरान युवक-युवतियों के बीच पत्थर, बेल्ट और लात घूंसों से जमकर मारपीट हुई। झगड़े का वीडियो जब तेजी से इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हुआ तो एसएसपी अजय सिंह ने मामले के जांच के निर्देश जारी किए गए। इस मामले में राजपुर थाना पुलिस ने तीन युवकों को गिरफ्तार कर लिया।
ओएनजीसी चौक पर हादसे में छह युवकों की मौत
12 नवंबर की रात को पार्टी करने के बाद कार में घूम रहे छह युवक-युवतियों की कार ओएनजीसी चौक के निकट कंटेनर के पीछे जा घुसी, जिसके कारण छह युवक-युवतियाें की मौत हो गई। घटना में एक युवक की जान बच पाई। इस घटना ने सभी के दिलों को झकझोर दिया। हादसा इतना खतरनाक था कि जगह-जगह क्षत-विक्षत शव पड़े थे। नजारा जिसने भी देखा वह हैरान रह गया।
मर्सडीज कार ने श्रमिकों को कुचला, चार की जान गई
मार्च माह में राजपुर रोड पर तेज रफ्तार मर्सडीज कार ने पैदल चल रहे कुछ लोगों को कुचल दिया।साईं मंदिर के पास हुए इस हादसे में चारों श्रमिकों की जान चली गई। इस कार ने फिर एक स्कूटर को भी टक्कर मारी, दो लोग घायल है। दिल दहलाने वाले इस हादसे में कार चालक श्रमिकों को कुचलने के बाद फरार हो गया, जिसके बाद में पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया था।
झड़ीपानी रोड पर पांच युवकों की मौत
मई 2024 में मसूरी-देहरादून मार्ग झड़ीपानी रोड पर पानी वाले बैंड के पास एक कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई, जिसमें सवार पांच युवकों की मौके पर मौत हो गई। हादसे में एक युवती गंभीर रूप से घायल हो गई है। 3 की मौके पर ही मौत हो गई थी। 2 ने अस्पताल में तोड़ा दम लिया। चार युवक और दो युवतियां देहरादून आईएमएस कालेज में पढ़ाई करते थे और मसूरी घूमने के लिए गए थे। तड़के देहरादून लौटते समय कार अनियंत्रित हो गई और गहरी खाई में गिर गई।
शराब पीकर यहां होता है हुडदंग
वीकेंड पर मालदेवता, सहस्त्रधारा रोड, राजपुर रोड पर युवक-युवतियां हुड़दंग करते दिखते हैं। इसके बाद रात के समय युवक-युवतियां मसूरी रोड, कैंट रोड व मालदेवता से जौलीग्रांट के बीच दौड़ लगाते देखे जाते हैं। इसी के अलावा युवक-युवतियां इन्हीं स्थानों पर स्टंटबाजी करते भी दिखते हैं। पुलिस की ओर से इसी सप्ताह स्टंटबाजी करते हुए कार व बाइकों को सीज किया जा चुका है।