देहरादून। नेहरू कालोनी स्थित अजबपुरकला में किराए के कमरे में रह रहे दंपति की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। प्रथम दृष्टयता जहर खाकर खुदकुशी करने का मामला सामने आ रहा है। मृतक मूल रूप से राजस्थान का रहने वाला है, ऐसे में पुलिस ने स्वजनों को सूचना दे दी है। वहीं मृतकों के मोबाइल की काल डिटेल ली जा रही है, जिसके कारण मृत्यु के असली कारणों का पता चल सकेगा।
थानाध्यक्ष नेहरू कालोनी संजीत कुमार ने बताया कि शुक्रवार दोपहर को सूचना मिली कि अजबपुरकला में किराए पर रह रहे दंपति की अचानक तबीयत खराब हो गई। सूचना पर तत्काल पुलिस टीम मौके पर भेजी गई। इस दौरान ज्योति शर्मा निवासी अजबपुरकला ने बताया कि उनके किराएदार रूपेश निवासी पुनावली उदयपुर राजस्थान व उसकी पत्नी रेशमा, जोकि उनके दीप नगर रेलवे पटरी के पास स्थित मकान में किराए पर रह रहे थे।
दोनों की सुबह अचानक तबीयत खराब होने पर एंबुलेंस को सूचना दी गई। एंबुलेंस के पहुंचने से पहले ही महिला रेशमा उम्र 30 वर्ष की मृत्यु हो चुकी थी जबकि रूपेश को दून अस्पताल भिजवाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी भी मृत्यु हो गई।
15 दिनों से किराए पर रहे रहे थे
थानाध्यक्ष ने बताया कि आसपास के लोगों से जानकारी जुटाई गई तो उन्होंने बताया कि दोनों रुपेश व रेशमा पति-पत्नी के रूप में पिछले 15 दिनों से किराए पर रह रहे थे। इससे पूर्व वह दीप नगर में ही अन्य मकान में किराए पर रहते थे। दोनों एक होटल में साफ सफाई का काम करते थे। बताया कि अकसर दोनों के बीच कहा सुनी होती रहती थी। प्रथम दृष्टया दोनों पति पत्नी की ओर से जहर खाकर खुदकुशी करना प्रतीत हो रहा है। पुलिस ने पंचायतनामा की कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम कराया जाएगा, जिसके मृत्यु के असली कारणों का पता चल सकेगा।
रेशमा की यह दूसरी शादी, रूपेश का घर पर नहीं था संपर्क
थानाध्यक्ष ने बताया कि जांच में यह बात भी सामने आई है कि रेशमा की शादी पहले कहीं दूसरी जगह हुई थी, वहां छोड़कर दो साल पहले उसने रूपेश के साथ शादी की। दोनों की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं थी। वहीं यह बात भी सामने आ रही है कि रूपेश ने अपने स्वजनों से तीन साल से संपर्क नहीं किया था। मृतक के स्वजनों को सूचना दे दी गई है। संभवत: वह शनिवार तक देहरादून पहुंच सकेंगे।