देहरादून। आलीशान घर, जबरदस्त साज-सज्जा और लग्जरी कार। दून निवासी उच्च वर्ग के लिए यह जुनून अब सिर चढ़कर बोल रहा है। इसमें भी कार का पंजीयन नंबर वीआइपी लेना दूनवासियों के लिए स्टेटस सिंबल बन चुका है। वीआइपी नंबर की चाह में दूनवासी लाखों रुपये खर्च करने से भी पीछे नहीं हट रहे।
यही वजह है कि परिवहन विभाग की अनोखे नंबरों के लिए आनलाइन बोली में इस बार 0001 नंबर ने अब तक के समस्त रिकार्ड ध्वस्त कर दिए। यह नंबर 13 लाख 77 हजार रुपये में बिका। अप्रैल-2024 में एक कारोबारी ने यह नंबर आठ लाख 45 हजार रुपये में खरीदा था, जो अब तक इसकी सर्वाधिक कीमत थी। …लेकिन इस नंबर ने रविवार शाम को अपना ही रिकार्ड तोड़ डाला और नया कीर्तिमान स्थापित कर दिया।
आरटीओ (प्रशासन) संदीप सैनी ने बताया कि इस बार (यूके07-एचसी) सीरीज कुल 25 नंबरों की आनलाइन बोली लगाई गई। आरटीओ सैनी ने बताया कि (यूके07-एचसी) सीरीज के लिए 0001 नंबर ने अब तक के सभी रिकार्ड तोड़ दिए।