dehradun-city देहरादून महापौर सौरभ थपलियाल की दो-टूक चेतावनी, सफाई व्यवस्था सुधारो वरना… कार्रवाई को रहें तैयार

 

देहरादून। शहर के विभिन्न वार्डों में व्यवस्था से उतरी घर-घर कूड़ा उठान व्यवस्था को सुधारने के लिए महापौर ने  कंपनी को भी एक सप्ताह में व्यवस्था सुधारने का अल्टीमेटम दिया है।

शनिवार को महापौर सौरभ थपलियाल ने नगर निगम सभागार में नगर आयुक्त नमामी बंसल की मौजूदगी में सभी सफाई निरीक्षकों की आपात बैठक ली। जिसमें महापौर ने सफाई और डोर-टू-डोर कूड़ा उठान में आ रही खामियों को लेकर सख्त रुख अपनाया।

महापौर ने स्पष्ट कहा कि अब सुधार दिखना चाहिए, वरना बदलाव तय है। उन्होंने हर वार्ड में कांपैक्टर के माध्यम से वाहनों के कूड़े के परिवहन को सुगम बनाने और कूड़ा वाहनों के अधिक से अधिक फेरे लगाने के निर्देश दिए हैं। महापौर ने कूड़ा उठान वाहनों के फेरे और कार्यप्रणाली की नियमित निगरानी के भी निर्देश दिए। बैठक में सफाई निरीक्षकों से आवंटित वार्डों की स्थिति की जानकारी ली गई और समस्याओं के तत्काल समाधान के निर्देश दिए गए।

महापौर ने कहा कि सफाई की वास्तविक स्थिति का आकलन पार्षदों से फीडबैक लेकर किया जाएगा। नगर आयुक्त नमामी बंसल ने भी निरीक्षकों को दो टूक निर्देश दिए कि शहर हर हाल में साफ दिखना चाहिए और 100 फीसद कूड़ा उठान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने डोर-टू-डोर कूड़ा उठान का कार्य संभाल रही सनलाइट वेस्ट मैनेजमेंट कंपनी को एक सप्ताह में सेवा सुधारने का अल्टीमेटम देते हुए उसे नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।

महापौर ने कंपनी को फटकार लगाते हुए कहा कि यदि तय समय में व्यवस्था दुरुस्त नहीं हुई तो कार्रवाई के लिए तैयार रहें। महापौर ने घर-घर कूड़ा उठान की शिकायतों पर गंभीरता से निस्तारण करने और नियमित वार्डों में भेजने के निर्देश दिए हैं और भविष्य में इस प्रकार की शिकायत मिलने पर कार्रवाई की चेतावनी दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *