Dehradun News: बरेली व सहारनपुर से आती थी स्मैक, तस्करी में रामपुर के दो युवक गिरफ्तार

विकासनगर। सेलाकुई थाने की पुलिस ने आकस्मिक चेकिंग के दौरान सहसपुर थाना क्षेत्र के रामपुर निवासी दो युवकों को स्मैक तस्करी के मामले में गिरफ्तार किया है। आरोपी वसीम उर्फ तोता के पास से 19.80 ग्राम स्मैक व इलेक्ट्रॉनिक तराजू बरामद हुई है।

मामले में दिलशाद उर्फ सानू पुत्र मोहम्मद हनीफ निवासी रामपुर, थाना सहसपुर को भी गिरफ्तार किया गया है। बताया जाता है कि सानू ने ही वसीम उर्फ तोता से स्मैक खरीदने के लिए उसे सारना नदी के पुल के पास बुलाया था।

पुलिस ने इस मामले में स्मैक सप्लाई करने वाले व खरीदने वाले दो अन्य आरोपियों जिशान और शहबाज तस्लीम को भी आरोपी बनाया है। सभी आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज किया गया है।

पुलिस टीम ने सोमवार की देर शाम सतेंद्र चौक पर यातायात व्यवस्था बनाने को वाहनों की चेकिंग की। उसके बाद टीम ने सारना नदी के पुल के पास भी चेकिंग की। इसी दौरान पुल के नीचे चोई बस्ती से एक व्यक्ति आता दिखाई दिया।

शक के आधार पर पुलिसकर्मियों ने उसे पीछा कर पकड़ा। इतनी देर में व्यक्ति ने अपनी जेब से एक सफेद प्लास्टिक की पन्नी को जमीन पर फेंक दिया ओर भागने का प्रयास करने लगा। पुलिस ने जमीन पर फेंकी पॉलीथिन से स्मैक बरामद की।

पूछताछ में आरोपी ने अपनी पहचान वसीम उर्फ तोता निवासी कुरेशी मोहल्ला रामपुर सहसपुर के रूप में बताई। पुलिस को बताया कि उसने 25 ग्राम स्मैक तस्लीम निवासी रामपुर से खरीदी थी। उसमें से कुछ बेच दी, जो स्मैक बची थी, उसे बेचने के लिए सानू उर्फ दिलशाद निवासी मस्जिद के पीछे वाली गली रामपुर सहसपुर के पास जा रहा था। सानू ने ही उसे पुल के नीचे ही बुलाया था।

तस्लीम चलाता है नशा तस्करों का नेटवर्क

आरोपी वसीम ने पुलिस को बताया कि तस्लीम गांव में डेरी चलाता है और वह बरेली व सहारनपुर से स्मैक खरीदकर लाता है और फुटकर में रामपुर निवासी शहबाज व खुशालपुर निवासी जिशान को और उसे सप्लाई करता है।

जब तस्लीम के पास स्मैक नहीं होती है तो वह जिशान और शहबाज से भी स्मैक खरीद कर लाता है। आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसने 40 हजार रुपये देकर 25 ग्राम स्मैक खरीदी थी। आरोपी के पास से दो हजार रुपये नकद, एक फोन, एक इलेक्ट्रानिक तराजू बरामद की गई। थानाध्यक्ष पीडी भट्ट के अनुसार आरोपी का आपराधिक इतिहास खंगाला जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *