Uttarakhand Weather: पहाड़ों पर हल्की बौछार, मैदानों में गर्म हवा के थपेड़े; अगले तीन दिन सतर्क रहने की जरूरत

 

देहरादून। Uttarakhand Weather: उत्तराखंड में मौसम का मिजाज बदला हुआ है। ज्यादातर पहाड़ी क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बौछारों का क्रम बना हुआ है। वहीं, मैदानी क्षेत्रों में चटख धूप खिलने के साथ गर्म हवा के थपेड़े बेहाल कर रहे हैं।

मौसम विभाग ने आज भी पर्वतीय क्षेत्रों में कहीं-कहीं गरज के साथ हल्की वर्षा की आशंका जताई है। मैदानी क्षेत्रों में मौसम शुष्क रहने और सतही हवाएं चलने का अनुमान है। सोमवार और मंगलवार को प्रदेशभर में कुछ क्षेत्रों में गरज के साथ बौछारें व अंधड़ चलने को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है।

चटख धूप, कहीं-कहीं आंशिक बादल

देहरादून समेत आसपास के क्षेत्रों में सुबह से ही चटख धूप खिली रही। शाम को कहीं-कहीं आंशिक बादल मंडराने लगे, लेकिन वर्षा नहीं हुई। दोपहर में गर्म हवा ने बेहाल किया। हालांकि, दून में इन दिनों अधिकतम तापमान सामान्य के आसपास बना हुआ है, लेकिन उमस परेशान कर रही है। मसूरी में तापमान सामान्य से पांच डिग्री सेल्सियस अधिक पहुंच गया है और तपिश महसूस की जा रही है।

चारधाम यात्रा मार्ग पर कहीं-कहीं दिनभर धूप और बादलों की आंख-मिचौनी चलती रही। कुछ क्षेत्रों में हल्की बौछारों के एक से दो दौर हुए। उत्तरकाशी के पुरोला और आसपास के क्षेत्रों में दोपहर बाद झमाझम वर्षा हुई। वहीं, कुमाऊं के पिथौरागढ़ और बागेश्वर में कई क्षेत्रों में वर्षा का क्रम बना रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *