हरिद्वार। Uttarakhand Crime: हरकी पैड़ी क्षेत्र के समीप रोड़ी बेलवाला क्षेत्र से लापता चार साल की मासूम की बेरहमी से हत्या कर दी गई।
माना जा रहा है कि मासूम के साथ दरिंदगी भी हुई है, जिसका पोस्टमार्टम के बाद ही खुलासा हो सकेगा। एसएसपी परमेंद्र सिंह डोबाल ने जल्द खुलासे के निर्देश दिए हैं।
13 तारीख से मासूम लापता
गुरुवार को रोड़ी बेलवाला क्षेत्र में झुग्गी डालकर रहने वाले एक व्यक्ति ने चौकी पर पहुंचकर पुलिस को सूचना दी थी कि 13 तारीख से उसकी चार साल की मासूम बेटी लापता है।
पुलिस ने मासूम की तलाश शुरू कर दी थी लेकिन शुक्रवार सुबह पिता खुद अपनी बेटी का शव लेकर पुलिस के पास पहुंचा। पिता ने पुलिस को जानकारी दी की बेटी को ढूंढते ढूंढते हुए मनसा देवी मंदिर सुरंग में पहुंचा तो वहां एक कोने में बेटी का शव बरामद हुआ।
शव का कराया जा रहा पोस्टमार्टम
प्रथम दृष्टया गला घोटकर हत्या किए जाने की बात सामने आ रही है। यह भी आशंका जताई जा रही है कि मासूम दरिंदगी का शिकार हुई है, हालांकि अभी इस बारे में पुलिस स्पष्ट रूप से कुछ भी बोलने से बच रही है।
एसपी सिटी पंकज गैरोला ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। हत्यारोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम काम कर रही है।
बच्ची की हत्या में सूरज की तलाश में जुटी पुलिस
हरिद्वार: रोड़ीबेलवाला क्षेत्र में चार वर्षीय बच्ची की हत्या के सनसनीखेज मामले में सूरज नामक एक व्यक्ति संदिग्ध के रूप में सामने आया है, जिसकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है। प्रारंभिक जांच में अपहरण और हत्या की पुष्टि हुई है। जांच में जुटी पुलिस टीम ने सूरज नामक एक व्यक्ति को मुख्य संदिग्ध माना है, जो वर्तमान में फरार चल रहा है।
सूरज के बारे में बताया गया है कि वह गंजा है और गंजापन छिपाने के लिए अक्सर विग का प्रयोग करता है। वह कई बार अपना हुलिया बदलने की कोशिश करता है। जिससे उसकी पहचान न हो सके।
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यदि किसी को भी संदिग्ध सूरज के संबंध में कोई भी सूचना प्राप्त हो, तो वे तत्काल पुलिस को जानकारी देकर एक आदर्श नागरिक की भूमिका निभाएं। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।