Dehradun News: मुंह बोला भाई बना हैवान, पहले लूटी अस्मत फिर वीडियो बनाकर किया ब्लैकमेल

 

देहरादून। मुंह बोले भाई ने महिला को बहाने से होटल में बुलाकर नशीला पेय पिलाया और उसके साथ दुष्कर्म किया। इस दौरान आरोपित ने वीडियो भी बना लिया, जिसे दिखाकर महिला को ब्लैकमेल किया जा रहा है। शादी के बाद ससुराल पक्ष से अलग मायके में रह रही पीड़िता ने पटेलनगर पुलिस को शिकायत दी है।

पटेलनगर थानाध्यक्ष हरिओम चौहान ने बताया कि क्षेत्र की एक महिला ने दुष्कर्म की शिकायत दी है। बताया कि वह अपनी एक बेटी के साथ ससुराल से अलग होकर मायके में रहती है। नितिन वर्मा निवासी करनाल हरियाणा उनका परिचित है और अक्सर दून आता रहता था। महिला उसे भाई बोलती थी।

अपनी निजी समस्याएं बताने पर कई बार नितिन ने महिला की मदद की और हर प्रकार के सहयोग के लिए तैयार रहने की बात कही। आरोपित बहन के नाते उसकी मदद करने की बात कहता था। फरवरी 2024 में आरोपित ने महिला को देहरादून आइएसबीटी के पास स्थित एक होटल में किसी जरूरी काम के बहाने बुलाया।

आरोप है कि महिला को जूस में किसी प्रकार का नशीला पदार्थ मिलाकर पिलाया गया। जिससे वह बेहोश हो गई। जब उसे होश आया तो आरोपित आपत्तिजनक स्थिति में उसके साथ लेटा हुआ था। आरोप है कि युवक ने महिला के साथ दुष्कर्म किया और उसकी वीडियो रिकार्ड कर ली।

आरोपित ने वीडियो प्रसारित करने का डर दिखाकर किसी से शिकायत न करने की धमकी दी। इसके बाद वीडियो के नाम पर ब्लैकमेल कर आरोपित ने कई बार महिला को हरियाणा बुलाकर भी उसके साथ दुष्कर्म किया।

यही नहीं महिला पर अन्य व्यक्तियों के साथ भी संबंध बनाने का दबाव डाला गया। जिस पर पीड़िता ने पुलिस के पास आकर मामले में न्याय की गुहार लगाई। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *