देहरादून। Weather Update: उत्तराखंड में मौसम ने करवट बदल ली है। प्रदेशभर में बादलों का डेरा है। दून में सुबह से ही धुंध छाई हुई है और धूप के दर्शन नहीं हो रहे हैं। इसके साथ ही सर्द हवाएं कंपकंपी छुटा रही हैं।
मसूरी और आसपास के क्षेत्रों में घने बादल छाने के साथ वर्षा और बर्फबारी के आसार बने हुए हैं। पारे में गिरावट आने से कड़ाके की ठंड महसूस की जा रही है। वहीं उत्तराखंड में भारी बर्फबारी के आसार बनते ही सैलानी भी पहुंचने लगे हैं।
भारी हिमपात और वर्षा के आसार
मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से उत्तराखंड में मौसम का मिजाज बदल गया है। आज पर्वतीय क्षेत्रों में हल्की बर्फबारी और मैदानी क्षेत्रों में बूंदाबांदी हो सकती है।
शनिवार को 2000 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में भारी हिमपात और अन्य क्षेत्रों में वर्षा के आसार हैं। जिससे कहीं-कही शीत दिवस की स्थिति बन सकती है। इसे लेकर आरेंज अलर्ट जारी किया गया है।