देहरादून। Snowfall Forecast: दो दिन से दून में बादलों का डेरा है और कहीं-कहीं हल्की बूंदाबांदी ने कंपकंपी बढ़ा दी है। पहाड़ों में बर्फबारी के बाद सर्द हवाएं चलने से ठिठुरन बढ़ गई है। जबकि, अधिकतम तापमान में भारी गिरावट के कारण दिन में जनजीवन प्रभावित हो रहा है।
मौसम विभाग के अनुसार, आज देहरादून समेत ज्यादातर क्षेत्रों में मौसम शुष्क बना रह सकता है। जबकि, आगामी शुक्रवार और शनिवार, रविवार को ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हिमपात और दून समेत आसपास के निचले क्षेत्रों में हल्की वर्षा होने का पूर्वानुमान है। उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, नैनीताल, टिहरी व पिथौरागढ़ जिले के ऊंचाई वालों स्थानों पर बर्फबारी की संभावना है।
उत्तराखंड में मौसम दो दिन से बदला हुआ
शाम को ऊंची चोटियों पर हल्की बर्फबारी का सिलसिला शुरू हुआ। इस दौरान निचले क्षेत्रों में सर्द हवाएं चलने से कड़ाके की ठंड महसूस की जाने लगी। दून में कहीं-कहीं हल्की बूंदाबांदी भी हुई। मौसम के बदले मिजाज से दो दिन से दून का अधिकतम तापमान सामान्य से काफी नीचे दर्ज किया जा रहा है। हालांकि, न्यूनतम तापमान में वृद्धि हुई है।
प्रदेश में मौसम फिर करवट ले सकता है
मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह के अनुसार, प्रदेश में आज कहीं-कहीं आंशिक बादल छाये रह सकते हैं। ज्यादातर क्षेत्रों में दो दिन मौसम शुष्क रहने का पूर्वानुमान है। हालांकि, सर्द हवाएं कंपकंपी बढ़ा सकती हैं। शुक्रवार और शनिवार, रविवार को प्रदेश में मौसम फिर करवट ले सकता है।
दून में मौसम शुष्क रहने के आसार
इस दौरान 2000 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले स्थानों पर भारी हिमपात के आसार हैं। दून में मौसम शुष्क रहने के आसार हैं। हालांकि, दिन में सर्द हवाएं चल सकती हैं। पारा सामान्य के आसपास बना रह सकता है।