Uttarakhand Nikay Chunav: देहरादून भाजपा ऑफि‍स में रायशुमारी के दौरान माहौल गर्म, महिला कार्यकर्ताओं में हुई मारपीट!

 

देहरादून । Uttarakhand Nikay Chunav: भाजपा महानगर कार्यालय में महापौर और पार्षद पद के दावेदारों के नाम पर रायशुमारी जारी है। तीसरे दिन भी कार्यालय में दावेदारों के जमावड़े के साथ ही मंडल के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं का तांता लगा रहा।

इस दौरान सुझाव पेटी में पदाधिकारियों ने दावेदारों के नाम डाले। इस दौरान परिसर में दो महिला कार्यकर्ताओं के बीच नोकझोंक की भी सूचना है। बताया जा रहा है कि रायशुमारी को लेकर महिलाओं में मारपीट की नौबत तक आ गई। हालांकि, महानगर के पदाधिकारी इसे नकारते रहे। अब आज अंतिम दो मंडलों की रायशुमारी होगी।

सुझावों के आधार पर नामों की सूची हो रही तैयार

देहरादून नगर निगम चुनाव के लिए भाजपा में आलाकमान ने पूर्व संगठन मंत्री सुरेश भट्ट, पुरोला विधायक दुर्गेश लाल और पूर्व जिलाध्यक्ष संजय गुप्ता को पर्यवेक्षक नियुक्त किया है। तीसरे दिन भी तीनों पर्यवेक्षक महानगर कार्यालय में डटे रहे और मंडल स्तर से प्राप्त हो रहे सुझावों के आधार पर नामों की सूची तैयार करते रहे।

महानगर अध्यक्ष सिद्धार्थ अग्रवाल ने बताया कि शनिवार को शहीद दुर्गमल्ल मंडल, श्रीदेव सुमन नगर मंडल, जीएमएस मंडल, प्रेमनगर-कांवली मंडल के साथ ही शेष जिला व प्रदेश प्रकोष्ठ के साथ राशुमारी की गई। अब आज अंतिम दो मंडल अंबेडकर नगर मंडल और करनपुर मंडल की रायशुमारी की जाएगी।

इसके बाद पर्यवेक्षक सभी वार्डों और महापौर पद पर नामों को वरीयता के क्रम में सूचीबद्ध करेंगे और अपने विश्लेषण के साथ पार्टी मुख्यालय को सौंप देंगे। इस दौरान दिनभर कार्यालय में भीड़ उमड़ी रही। महापौर पद के तमाम दावेदार भी कुर्सी लगाकर प्रांगण में बैठे रहे तो पार्षद पद के दावेदार भी इधर से उधर चक्कर लगाते नजर आए। साथ ही पार्टी कार्यकर्ता भी अगल-अलग गुटों में चुनावी चर्चा में मशगूल रहे।

आपस में भिड़ने वाली महिला कार्यकर्ताओं के फोन स्विच आफ

दोपहर बाद भाजपा महानगर कार्यालय में जीएमएस मंडल की रायशुमारी हुई। इसके बाद प्रेमनगर कांवली मंडल का नंबर आया। बताया जा रहा है कि इसी दौरान दो महिला कार्यकर्ता आपस में भिड़ गईं। चश्मदीदों की मानें तो यहां एक मंडल की पदाधिकारी और एक वार्ड की निवर्तमान पार्षद के बीच मंडल की सूची को लेकर बहस हो गई।

देखते ही देखते बहस तीखी नोकझोंक और फिर मारपीट में तब्दील हो गई। ऐसे में आसपास के कार्यकर्ताओं ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया। महानगर के पदाधिकारियों ने मारपीट की बात को नकारा है। उन्होंने हल्की बहस होने की बात कही। जबकि उक्त महिला कार्यकर्ताओं से संपर्क करने का प्रयास किया गया तो उनके फोन स्विच आफ थे।

दोवदारों में भी उत्साह

शनिवार को भी भाजपा महानगर कार्यालय में दावेदारों के आवेदन आते रहे। खासकर पार्षद पद के लिए कई उत्साही दावेदार पहुंचे। आज अंबेडकर नगर मंडल से रायशुमारी की जाएगी। जिसमें शहर के प्रमुख वार्डों के लिए सुझाव मांगे जाएंगे। वार्ड-27 से भाजपा महानगर सह मीडिया प्रभारी अक्षत जैन और मंडल पदाधिकारी वैभव अग्रवाल भी रायशुमारी करेंगे। उन्होंने पार्षद पद पर युवा चेहरों को मौका देने की पैरवी की है।

महानगर अध्यक्ष ने की पार्षद की दावेदारी

भाजपा महिला मोर्चा की महानगर अध्यक्ष अर्चना बागड़ी ने धर्मपुर वार्ड से पार्षद पद की दावेदारी कर सबको चौंका दिया है। संगठन में बड़ी जिम्मेदारी निभाने के बाद इस बार उन्होंने जनप्रतिनिधि के रूप में सेवा करने की इच्छा जताई है। उन्होंने पर्यवेक्षकों को आवेदन सौंप दिया है। जबकि उनके समर्थकों ने उन्हें महापौर पद पर दावेदारी करने का आग्रह किया। हालांकि, उन्होंने फिलहाल पार्षद का टिकट मिलने पर ही संतोष जताने की बात कही

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *