Dehradun News: कांग्रेसि‍यों ने प्रदर्शन कर केंद्र सरकार का पुतला फूंका, बोले- मारपीट की नौटंकी कर रही है BJP

 

  देहरादून। नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के खिलाफ एफआइआर दर्ज करने के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कनक चौक में विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान केंद्र सरकार का पुतला भी फूंका। शुक्रवार को कांग्रेस भवन से कार्यकर्ता जुलूस की शक्ल में कनक चौक पर पहुंचे। यहां गृहमंत्री और भाजपा के खिलाफ नारेबाजी करते हुए पुतला दहन किया।

इसके बाद कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता कनक चौक से भाजपा महानगर कार्यालय की तरफ बढ़ने लगे। जिनको पुलिस ने बैरिकेडिंग लगाकर रोका। जिससे कांग्रेसियों की पुलिस से तीखी झड़प हुई। कार्यकर्ता यहां पर धरने पर बैठ गए। महिला कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला ने आरोप लगाया कि भाजपा तानाशाही पर उतर आई है।

धक्का मुक्की की नौटंकी कर रही भाजपा

महानगर अध्यक्ष डा. जसविंदर सिंह गोगी ने आरोप लगाया कि गृहमंत्री अमित शाह बाबा साहब आंबेडकर पर दिए बयान पर घिरे तो जनता का ध्यान बंटाने के लिए धक्का मुक्की की नौटंकी शुरू कर दी। यह केवल गृहमंत्री में बयान से ध्यान हटाने का प्रयास है। इस अवसर पर प्रदेश उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना, कांग्रेस प्रवक्ता अभिनव थापर आदि‍ मौजूद रहे।

उधर, महानगर कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष लालचंद शर्मा व पूर्व विधायक राजकुमार ने नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के खिलाफ एफआइआर दर्ज करने का कड़ा विरोध किया और गृहमंत्री से देश की जतना से माफी मांगने की मांग की।

एनएसयूआइ ने गृहमंत्री का पुतला फूंका

भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (एनएसयूआइ) ने महानगर अध्यक्ष हिमांशु रावत के नेतृत्व में डीएवी कालेज चौक पर गृहमंत्री अमित शाह का पुतला दहन किया। आरोप लगाए कि गृहमंत्री ने संविधान निर्माता डा. भीमराव आंबेडकर पर अशोभनीय टिप्पणी की। विरोध प्रदर्शन में सौरभ सेमवाल, स्वयं रावत, आदित्य राणा, दक्ष रावत आदि ने भाग लिया।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *