देहरादून। Dehradun City Bus Accident : राजपुर से घंटाघर की तरफ आ रही एक सिटी बस राष्ट्रीय दृष्टि दिव्यांगजन सशक्तिकरण संस्थान के निकट बिजली के पोल से टकरा गई। घटना के समय पांच यात्री बैठे हुए थे, लेकिन किसी को कोई चोट नहीं आई। बस के पीछे से सिटी मजिस्ट्रेट प्रत्यूष सिंह भी आ रहे थे। घटना के बाद उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना देते हुए राहत कार्य उपलब्ध कराने को कहा।
बताया जा रहा है कि बस चालक को मिर्गी का दौरा पड़ा था जिसके कारण बस अनियंत्रति हो गई। घटना गुरुवार शाम की है। राजपुर-क्लेमेनटाउन मार्ग की देहरादून महानगर बस सेवा की यह बस यात्रियों को लेकर राजपुर से घंटाघर की तरफ आ रही थी। बस चालक संदीप कुमार निवासी ऋषि विहार को बस चलाते समय ही मिर्गी का दौरा पड़ गया। गनीमत रही बस सड़क किनारे पाेल से टकरा कर रुक गई।
बस में सवार सभी यात्रियों को बाहर निकाला गया और चालक को साइड में बैठाया गया। कुछ समय बाद चालक होश में आया और सवारियों को दूसरी बस से भेजा गया। जाखन पुलिस चौकी प्रभारी अर्जुन गुसांई ने बताया कि हादसे में कोई सवारी घायल नहीं हुई। सभी को सुरक्षित बाहर निकालकर दूसरी बसों से रवाना किया गया।