Weather Update: देहरादून में धूप ने दी राहत, तराई में कोहरे के साथ बढ़ेगी ठंड; आने वाले दिनों में ऐसा रहेगा मौसम

 

देहरादून। Weather Update: दून समेत ज्यादातर क्षेत्रों में मौसम शुष्क बना हुआ है। वहीं दिनभर चटख धूप खिलने से ज्यादातर क्षेत्रों में तापमान में इजाफा हुआ है। जिससे कड़ाके की ठंड से कुछ राहत है।

हालांकि, मैदानी क्षेत्रों में सुबह हल्की धुंध और कोहरा छाने से दुश्वारी बनी हुई है। पहाड़ी क्षेत्रों में भी पाला गिर रहा है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले कुछ दिन मौसम का मिजाज शुष्क बना रह सकता है। ज्यादातर क्षेत्रों में धूप खिली रहने के आसार हैं। हालांकि मैदानों पर हल्की धुंध और कुहासा छाने की संभावना है।

धूप में हल्‍की गर्माहट

बुधवार को भी दून में सुबह हल्की धुंध छायी रही। हालांकि, दिन में चटख धूप खिल गई और हल्की गर्माहट महसूस की गई। शुष्क मौसम के कारण अधिकतम तापमान में वृद्धि हुई और यह सामान्य से करीब चार डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया गया। वहीं, न्यूनतम तापमान सामान्य बना हुआ है।

कई पर्वतीय क्षेत्रों में भी पारा सामान्य अधिक चल रहा है। दिन में धूप राहत दे रही है। जबकि, सुबह-शाम ठिठुरन बनी हुई है। जबकि, बीते मंगलवार शाम को चोटियों पर बर्फबारी होने के बाद आसपास के क्षेत्रों में कंपकंपी बढ़ गई थी।

मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह के अनुसार, अगले कुछ दिन प्रदेश के ज्यादातर क्षेत्रों में मौसम शुष्क बना रहने का अनुमान है। पर्वतीय क्षेत्रों में पाला और मैदानी क्षेत्रों में हल्का कोहरा व धुंध छाई रह सकती है। इसके साथ ही पारे में मामूली गिरावट के भी आसार हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *