Weather Update: देहरादून में पाले के प्रकोप से गिरा पारा, पढ़ें उत्‍तराखंड में कितने हैं बारिश-बर्फबारी के आसार?

 

देहरादून। Weather Update:दून में मौसम शुष्क है और दिन में चटख धूप खिल रही है। जिससे कड़ाके की ठंड से फौरी राहत है। हालांकि, रात को पाला दुश्वारियां बढ़ा रहा है। पाला और हल्के कोहरे के कारण दून का न्यूनतम तापमान इस सीजन में अब तक सबसे कम दर्ज किया जा रहा है। गुरुवार की रात तीन साल में सबसे सर्द रही।

इस दौरान दून का न्यूनतम तापमान 4.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो कि सामान्य से साढ़े तीन डिग्री सेल्सियस कम है। मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश के ज्यादातर क्षेत्रों में अगले कुछ दिन मौसम शुष्क बना रह सकता है। कहीं-कहीं आंशिक बादल छाने के आसार हैं। जिससे न्यूनतम पारा सामान्य से कम बना रह सकता है।

पहाड़ों में कड़ाके की ठंड

उत्तराखंड में मौसम शुष्क हो गया है और चटख धूप खिल रही है। हालांकि, बीते सप्ताह हुई वर्षा-बर्फबारी के बाद से पहाड़ों में कड़ाके की ठंड महसूस की जा रही है। मैदानी क्षेत्रों में भी पाला पड़ने और दिन में हवाएं चलने से कंपकंपी छूट रही है।

ज्यादातर क्षेत्रों में न्यूनतम तापमान सामान्य से कम है। जिससे रातें बेहद सर्द हो गई हैं। हालांकि, दिन में पारा सामान्य या उससे अधिक बना हुआ है। शुक्रवार को दून में सुबह से धूप खिली रही, हालांकि दोपहर में आंशिक बादल भी मंडराने लगे। इसके बाद शाम को ठिठुरन महसूस की गई।

बारिश-बर्फबारी के आसार नही

मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह के अनुसार, प्रदेश में फिलहाल वर्षा के आसार नहीं है और न ही बर्फबारी के। मौसम शुष्क बना रहने की आशंका है। हालांकि, दून समेत कहीं-कहीं आंशिक बादल भी मंडरा सकते हैं। रात को पाला और सुबह हल्का कोहरा भी परेशानी बढ़ा सकता है। जिससे सुबह-शाम कड़ाके की ठंड पड़ने के आसार हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *