Dehradun News: टीवी बंद नहीं किया तो भाई को चाकू घोंपकर उतारा मौत के घाट

Dehradun

टीवी बंद करने को लेकर हुए विवाद में एक व्यक्ति ने अपने भाई को चाकू घोंपकर मौत के घाट उतार दिया। कैंट थाना क्षेत्र में हुई इस घटना में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को न्यायालय के आदेश पर जेल भेज दिया गया है।

घटना कैंट थाना क्षेत्र में रविवार देर रात करीब डेढ़ बजे हुई। यहां यंग रोड स्टाफ क्वार्टर में एक महिला बनारसी देवी और उनके दो बेटे विजय कुमार और नीरज कुमार रहते हैं। बनारसी देवी रविवार को अपनी बेटी के घर पर गई थीं। रात में विजय और नीरज दोनों ही घर मौजूद थे।

दोनों ने रात में एक साथ शराब पी और टीवी देखने लगे। इस बीच नीरज ने अपने भाई विजय को टीवी बंद करने के लिए कहा। लेकिन, विजय ने टीवी बंद नहीं किया। इस पर नीरज ने पहले विजय से झगड़ा किया और फिर पास में रखे चाकू को उसकी छाती में घोंप दिया। घायल विजय वहीं बिस्तर पर गिर गया।

यह देखकर उनके रिश्तेदार दीपक कुमार ने यह सब जानकारी अपनी सास बनारसी देवी को दी। अन्य रिश्तेदार भी वहां पहुंचे और विजय को तत्काल इमरजेंसी सेवा के माध्यम से अस्पताल लेकर पहुंचे। लेकिन, डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक विजय के बहनोई लक्ष्मण मांझी ने सोमवार दोपहर को इस घटना की सूचना पुलिस को थाने आकर दी।

पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर आरोपी नीरज कुमार निवासी गंगोल पंडितवाड़ी, गजियावाला को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के पास से घटना में इस्तेमाल किया गया चाकू भी बरामद हुआ है। आरोपी ने पूछताछ में बताया कि दोनों का शराब पीने के बाद टीवी बंद करने को लेकर झगड़ा हुआ।

आरोपी नीरज ने बताया कि वह भाई को लहूलुहान हालत में देखकर घबरा गया था। उसने फोन से अपने बहनोई और अन्य रिश्तेदारों को इसकी सूचना दी थी। लेकिन, तब तक बहुत देर हो चुकी थी। एसएसपी अजय सिंह ने बताया कि आरोपी नीरज कुमार को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है। विजय और नीरज दोनों ही क्षेत्र में मजदूरी करते थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *