देहरादून। Fights From Dehradun: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने तीन हवाई सेवाओं की वर्चुअल शुरुआत की। उन्होंने कहा कि हवाई व हेली सेवाएं राज्य के विकास में मील का पत्थर साबित होने जा रही हैं। प्रदेश सरकार उड़ान योजना के तहत 18 स्थानों पर हेलीपोर्ट का निर्माण कर रही है।
उन्होंने कहा कि तीन हवाई सेवाएं राज्य के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण साबित होने जा रही हैं, इन सेवाओं से पर्यटन एवं आर्थिक विकास को गति मिलने के साथ ही सीमांत क्षेत्र पिथौरागढ़ की जनता को देश की राजधानी तक पहुंचने के लिए नया और बेहतर विकल्प मिलेगा। इन सेवाओं से आपातकालीन और आपदा प्रबंधन कार्यों में भी गति आएगी।
हेली सेवा शुरू होना राज्य के लिए उपलब्ध
गुरुवार को मुख्यमंत्री आवास में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने देहरादून से गौचर एवं देहरादून से जोशियाड़ा हेली सेवा और दिल्ली से पिथौरागढ़ के बीच हवाई सेवा की वर्चुअल शुरुआत की। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने कहा कि क्षेत्रीय हवाई संपर्क योजना के तहत देहरादून के सहस्रधारा से उत्तरकाशी के जोशियाड़ा और चमोली के गौचर के लिए हेली सेवा शुरू होना राज्य के लिए उपलब्धि है।