Uttarakhand Weather Today: दिन और रात के तापमान में दोगुना का अंतर, IMD ने जारी किया अलर्ट

 

देहरादून। उत्तराखंड में मौसम शुष्क बना हुआ है और पहाड़ से मैदान तक चटख धूप खिल रही है। दून समेत आसपास के क्षेत्रों में भी दिन में तपिश बनी हुई है और रात को पारे में गिरावट आने से ठिठुरन महसूस की जा रही है।

इन दिनों ज्यादातर क्षेत्रों में दिन और रात के तापमान में लगभग दोगुना अंतर है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले कुछ दिन प्रदेश में मौसम शुष्क बना रहने का अनुमान है। इस दौरान धूप खिली रहने के साथ हल्की हवाएं चल सकती हैं। पारे में मामूली गिरावट के आसार हैं।

शुक्रवार को प्रदेश में सुबह से चटख धूप खिली रही। दिन में तपिश बढ़ने के साथ ही हल्की गर्मी महसूस की गई। पहाड़ से लेकर मैदान तक सुबह-शाम ठंडक भी बढ़ रही है। दून का अधिकतम तापमान 31.5 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 16.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

इसी प्रकार अन्य क्षेत्रों में भी अधिकतम और न्यूनतम तापमान में दोगुना अंतर है। हालांकि, दोनों ही तापमान सामान्य से अधिक हैं। मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह के अनुसार, दून समेत पूरे प्रदेश में अगले कुछ दिन मौसम शुष्क बना रहने की उम्मीद है। फिलहाल कहीं वर्षा के आसार नहीं है। तापमान में एक डिग्री सेल्सियस तक की कमी आ सकती है।

पारे में उतार-चढ़ाव से तबीयत नासाज होने का खतरा

मौसम के उतार-चढ़ाव के बीच बच्चों के स्वास्थ्य के प्रति सचेत रहने की आवश्यकता है। जरा सी भी लापरवाही भारी पड़ सकती है। रायपुर अस्पताल के चिकित्साधीक्षक एवं वरिष्ठ बाल रोग विशेषज्ञ डा. पीएस रावत ने बताया कि इस दौरान बच्चों के खानपान व पहनावे पर विशेष ध्यान देना चाहिए। बच्चों को ठंडे पानी से न नहलाएं। गुनगुना पानी पिलाएं। खुले बदन न सुलाएं। रात में ठंड लगने पर चादर ढक दें। तबीयत खराब होने पर चिकित्सक की सलाह से तुरंत दवा लें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *