देहरादून। Uniform Civil Code: प्रदेश में समान नागरिक संहिता लागू होने के बाद इसमें आवेदकों की पहचान सुनिश्चित करने की भी व्यवस्था की जा रही है। इसके लिए समान नागरिक संहिता पोर्टल से आधार व पैन कार्ड जैसे अहम दस्तावेज जोड़े जाएंगे। इससे आवेदकों को बार-बार अपने विषय में जानकारी देने की मशक्कत नहीं करनी पड़ेगी। इन दस्तावेजों से पोर्टल सीधे संबंधित जानकारी प्राप्त कर लेगा।
ड्राफ्ट को प्रकाशन के लिए भेजा
प्रदेश में समान नागरिक संहिता को लागू करने की दिशा में कदम बढ़ चुके हैं। पूर्व मुख्य सचिव शत्रुघ्न सिंह की अध्यक्षता में नियमावली तैयार करने वाली समिति इसका ड्राफ्ट तैयार कर चुकी है।
इस ड्राफ्ट को प्रकाशन के लिए भेजा गया है। इसके बाद इसे मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को सौंपा जाएगा। इसे कैबिनेट से पारित कराने के बाद नौ नवंबर से पहले राज्य में समान नागरिक संहिता लागू कर दी जाएगी।
व्यवस्था में पूरी पारदर्शिता बनी रहेगी
समान नागरिक संहिता की नियमावली में एक अहम व्यवस्था आवेदकों की पहचान को सुनिश्चित करने के लिए भी की जा रही है। इसके तहत आधार कार्ड, पैन कार्ड, वोटर कार्ड व सेबी जैसी सभी प्रमुख सेवाओं को इससे जोडऩे की तैयारी है। इससे समान नागरिक संहिता के अंतर्गत मिले आवेदन व दस्तावेजों का मिलान किया जा सकेगा। उद्देश्य यह कि इससे व्यवस्था में पूरी पारदर्शिता बनी रहे।