Dehradun News: दिल के मरीजों के लिए अच्छी खबर, अब जिला अस्पताल में भी हार्ट का इलाज; कार्डियोलॉजिस्ट तैनात

 

देहरादून। दिल के मरीजों के लिए एक अच्छी खबर है। दिल का इलाज अब जिला चिकित्सालय (कोरोनेशन अस्पताल) में भी हो पाएगा। यहां राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत कार्डियोलॉजिस्ट की तैनाती कर दी गई है। वरिष्ठ कार्डियोलॉजिस्ट डा. संदीप मालवीय ओपीडी भी शुरू कर दी है। फिलहाल 30-35 मरीज हर दिन ओपीडी में पहुंच रहे हैं।

सरकारी अस्पताल में दिल का इलाज 

दरअसल, बदलते लाइफस्टाइल और खानपान के कारण लोगों में हृदय रोग का खतरा बढ़ता जा रहा है। हाल में युवाओं में भी हृदय रोग के मामले तेजी से बढ़े हैं। पर सरकारी अस्पतालों में कार्डियोलॉजिस्ट नहीं हैं। जिस कारण हृदय रोगियों को उपचार के लिए निजी अस्पतालों का रुख करना पड़ता है। पर अच्छी बात यह है कि नीति नियंताओं ने अब इस ओर गंभीरता दिखानी शुरू कर दी है।

एक छत के नीचे सभी उपचार

दून मेडिकल कॉलेज अस्पताल में कार्डियोलॉजिस्ट की नियुक्ति के साथ ही कैथ लैब की भी स्थापना की गई है। यहां अब एंजियोग्राफी और एंजियोप्लास्टी भी होती है। इसी कड़ी में अब जिला चिकित्सालय में भी कार्डियोलॉजिस्ट की नियुक्ति कर दी गई है। अस्पताल के प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक डा. वाईएस चौहान का कहना है कि यह प्रयास किया जा रहा है कि मरीजों को एक छत के नीचे सभी तरह का उपचार मिल सके। इसी के तहत कार्डियोलाजिस्ट की नियुक्ति की गई है। वह प्रतिदिन ओपीडी कर रहे हैं। साथ ही मरीज भर्ती भी किए जा रहे हैं। भर्ती मरीजों की ईको की सुविधा भी अस्पताल में है।

 

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *