सिर्फ घी या तेल नहीं, गुड़ में भी हो सकती है मिलावट! 5 ट्रिक्स से घर पर ही करें इसकी शुद्धता की पहचान

 

नई दिल्ली। आजकल जब हर तरफ मिलावट की खबरें सामने आ रही हैं, तो आपको अपने घर रखे गुड़ (Jaggery Adulteration) पर भी ध्यान देना चाहिए। जी हां, आपको जानकार हैरानी होगी कि बाजार की मिलावट से गुड़ जैसी प्राकृतिक और सस्ती चीज भी सुरक्षित नहीं है। चीनी के मुकाबले गुड़ में आयरन, कैल्शियम और पोटेशियम जैसे कई पोषक तत्व भरपूर मात्रा में होते हैं जो शरीर को कई तरह से फायदा पहुंचाते हैं, लेकिन अगर आप नकली गुड़ का सेवन कर रहे हैं तो इससे सेहत को कई तरह की परेशानियां भी हो सकती हैं। आइए बिना देर किए जान लीजिए ऐसे 5 ट्रिक्स (Jaggery Purity Test) जिनकी मदद से आसानी से इसकी शुद्धता को पहचाना जा सकता है।

स्वाद से करें पता

गुड़ खरीदते समय उसके स्वाद पर ध्यान देना बहुत जरूरी है। असली गुड़ का स्वाद मीठा और सुगंधित होता है, जिसमें गन्ने की नेचुरल मिठास साफ महसूस होती है, लेकिन अगर आपको किसी गुड़ का स्वाद आर्टिफिशियल या कसैला-सा लग रहा है तो वह नकली हो सकता है।

रंग पर दें ध्यान

असली गुड़ की पहचान उसकी रंगत से आसानी से की जा सकती है। असली गुड़ का रंग हल्का पीला या थोड़ा भूरा होता है और यह चमकदार दिखता है। इसमें कोई काले, सफेद या अन्य रंग के धब्बे नहीं होते। नकली गुड़ में अक्सर सफेद दाने या धब्बे होते हैं और इसका रंग गहरा होता है

गर्म करके देखें

असली गुड़ को जब गर्म किया जाता है तो वह धीरे-धीरे पिघलता है और गाढ़ी चाशनी जैसा बन जाता है। यह चिपचिपी होती है और आसानी से नहीं बहती। जबकि नकली गुड़ को गर्म करने पर यह तेजी से पिघलता है और पानी की तरह पतला हो जाता है। यह आसानी से बह जाता है और इसका टेक्स्चर भी पतला होता है।

क्रिस्टल पर करें गौर

गुड़ के क्रिस्टल इसकी शुद्धता के बारे में बहुत कुछ बताते हैं। असली गुड़ में प्राकृतिक रूप से छोटे-छोटे क्रिस्टल होते हैं जो गन्ने के रस से बनते हैं। ये क्रिस्टल गुड़ को एक अनोखा टेक्सचर और स्वाद देते हैं। वहीं, मिलावटी गुड़ में अक्सर बड़े और चमकदार क्रिस्टल होते हैं जो आर्टिफिशियल तरीके से जोड़े जाते हैं। इन क्रिस्टल्स में नेचुरल मिठास नहीं होती और ये गुड़ की क्वालिटी को कम कर देते हैं।

पानी से करें टेस्ट

अक्सर बाजार में मिलने वाले गुड़ में चाक पाउडर मिलाया जाता है ताकि इसका वजन बढ़ाया जा सके। यह मिलावट आपकी सेहत के लिए काफी नुकसानदेह हो सकती है। इसकी जांच करने के लिए आप सबसे पहले एक ट्रांसपेरेंट गिलास में पानी लें और इसमें गुड़ का एक छोटा टुकड़ा डाल दें। कुछ देर बाद देखें कि क्या पानी के नीचे कोई सफेद पदार्थ जमा हो रहा है। अगर हां, तो संभव है कि गुड़ में चाक पाउडर मिलाया गया हो। चाक पाउडर पानी में घुलनशील नहीं होता और नीचे बैठ जाता है।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *