देहरादून। No Parking Action in Dehradun: देहरादून में सड़कों के जाम को देखते हुए पुलिस ने यातायात व्यवस्था बनाने के लिए ठोस कदम उठाने का निर्णय लिया है। अब कहीं भी नो पार्किंग में खड़े वाहनों को टो कर ट्रैफिक कार्यालय ले जाया जाएगा और स्वामी के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
अब तक जनपद के मुख्य मार्गों पर संचालित की जा रही नौ क्रेनों के साथ 12 अतिरिक्त क्रेन तैनात की जा रही हैं। चौपहिया के साथ ही दुपहिया वाहनों को भी नो पार्किंग से टो कर लिया जाएगा। बीते आठ माह में यातायात नियमों के उल्लंघन में दून पुलिस करीब 10 हजार वाहनों के चालान कर चुकी है।
बढ जाता है यातायात का दबाब
देहरादून में विभिन्न स्थानों पर सड़क किनारे नो पार्किंग जोन में खडे़ वाहनों को हटाने के लिए वर्तमान में जनपद में ऋषिकेश, मसूरी, घंटाघर, आइएसबीटी, बल्लूपुर, सहस्रधारा, आइटी पार्क क्षेत्रों में नौ क्रेन संचालित की जा रही हैं। जबकि, वर्तमान में वाहनों की संख्या में हुई वृद्धि और उससे शहर के विभिन्न मार्गों पर बढ़े यातायात के दबाव को नियंत्रित करने के लिए जनपद के ऐसे विभिन्न स्थानों व मार्गों को चिहि्नत किया गया है, जहां वाहनों का आवागमन अधिक रहता है।
सड़क किनारे वाहन खड़ा करने के कारण यातायात बाधित होने से उक्त मार्गाें के साथ-साथ शहर के विभिन्न मुख्य मार्गों पर यातायात का दबाब बढ़ जाता है। जिस पर प्रभावी कार्रवाई के लिए एसएसपी के निर्देश पर 12 और क्रेन तैनात की जा रही हैं।
उधर, यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध दून पुलिस ने विगत आठ माह में रैश ड्राइविंग व रांग साइड में वाहन संचालित करने वाले 1189 वाहन चालकों, ओवर स्पीडिंग व प्रेशर हार्न का प्रयोग कर यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 8539 वाहन चालकों के विरुद्ध कार्रवाई की गई।