देहरादून। स्कूली वाहनों में बच्चों की सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल और यौन-उत्पीड़न की बढ़ती शिकायत का संज्ञान लेकर सचिव परिवहन/आयुक्त बृजेश कुमार संत ने आरटीओ को कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। दून शहर के पटेलनगर थाना क्षेत्र में स्कूली वैन में छात्रा के साथ चालक द्वारा यौन-उत्पीड़न की घटना के बाद सचिव परिवहन ने स्कूली वाहन चालकों व परिचालकों के सत्यापन का निर्देश दिया है।
इसी के अंतर्गत आरटीओ (प्रवर्तन) शैलेश तिवारी ने आज गुरुवार को आरटीओ कार्यालय में सभी स्कून वैन संचालकों की बैठक बुलाई है। इसके बाद चालकों का सत्यापन किया जाएगा। चालकों व परिचालकों का आपराधिक इतिहास जुटाने व उनके चरित्र-सत्यापन की जिम्मेदारी पुलिस की होगी
इसी दौरान मंगलवार को पटेलनगर क्षेत्र में स्कूली वैन में छात्रा से छेड़छाड़ का मामला सामने आ गया। छात्रा नेहरू कालोनी स्थित एक निजी स्कूल से घर आ रही थी।
पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर चालक को गिरफ्तार कर लिया है, लेकिन इस घटना के बाद स्कूली वाहनों में बच्चों की सुरक्षा का मुद्दा फिर उछलने लगा है। घटना का संज्ञान लेकर परिवहन सचिव ने अधिकारियों को कड़े कदम उठाने के निर्देश दिए।
उन्होंने स्कूली वाहनों में छात्र-छात्राओं की सुरक्षा व परिवहन सुविधा पुख्ता करने के लिए सुप्रीम कोर्ट की गाइडलाइन का अनिवार्य रूप से पालन कराने को कहा है। निर्देश दिया कि जो भी इस गाइडलाइन की अनदेखी करेगा, उसके विरुद्ध कार्रवाई की जाए। सचिव परिवहन के निर्देश के बाद आरटीओ (प्रवर्तन) शैलेश तिवारी ने आज सभी स्कूल वैन संचालकों की बैठक बुलाई हैं।