देहरादून। Women Safety in Dehradun: बल्लूपुर में पैदल जा रही युवती को बाइक सवार तीन युवकों ने रोक लिया। युवकों के हाथों में किसी स्प्रे की बोतलें थीं, युवती ने वहां से भागकर खुद को बचाया।
घटना के बाद बल्लूपुर पर भीड़ एकत्रित हो गई और हंगामा हो गया। आरोपित युवक वहां से फरार हो गए। युवती की शिकायत पर कैंट थाने में मुकदमा दर्ज कर आरोपितों की तलाश शुरू कर दी है।
बाइक पर सवार थे तीन युवक
कैंट पुलिस के अनुसार, वनस्थली छात्रावास बल्लूपुर निवासी मिनाक्षी रावत ने शिकायत दी। बताया कि बीते सोमवार को वह शिव मंदिर, बल्लूपुर से अपने छात्रावास लौट रही थी। इस दौरान एक बाइक पर सवार तीन युवक वहां से गुजरते समय उसके पास आकर रुके।
आरोपितों ने उसको रोकने का प्रयास किया। युवकों के हाथ में किसी प्रकार के स्प्रे थे। वह घबराकर पीछे हो गई। जिसके बाद एक युवक स्प्रे लेकर उसकी ओर आया, जिस पर उसने शोर मचाया। आसपास के लोग वहां पर एकत्रित हो गए और हंगामा करने लगे। जिस पर आरोपित बाइक से फरार हो गए।
युवती का आरोप है कि युवकों में से एक उसी के मोहल्ले में रहने वाली एक युवती का ब्वायफ्रेंड है। पुलिस में मामले को जांच शुरू कर दी है।