Monsoon Rain: उत्तराखंड में झूमकर पहुंचा मानसून, पहाड़ से मैदान तक पड़ रही बौछार; इस बार ऐसा रहेगा बारिश का दौर

 

देहरादून। Monsoon Rain in Uttarakhand: उत्तराखंड में लगातार हो रही हल्की से मध्यम वर्षा के साथ मानसून ने दस्तक दे दी है। प्रदेश के हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर को छोड़कर गुरुवार को मानसून ने सभी जिलों को कवर कर लिया। हालांकि, इस बार मानसून सामान्य समय से करीब एक सप्ताह विलंब से पहुंचा है, लेकिन बीते सप्ताह से प्रदेश में प्री मानसून शावर का क्रम बना हुआ है।

मौसम विभाग ने मानसून आगमन की पुष्टि करते हुए अगले कुछ दिन प्रदेश के कई क्षेत्रों में भारी वर्षा का अलर्ट जारी किया है। आगामी तीन जुलाई तक पहाड़ से मैदान तक हल्की से मध्यम वर्षा का क्रम बना रह सकता है।

गुरुवार को मानसून ने दस्तक दे दी

उत्तराखंड के पर्वतीय क्षेत्रों में करीब एक सप्ताह से मध्यम से तीव्र बौछार का सिलसिला बना हुआ है। वहीं, देहरादून समेत आसपास के क्षेत्रों में भी प्री-मानसून शावर तेज हो गए थे। इस बीच प्रदेश में 27 या 28 जून को मानसून पहुंचने का पूर्वानुमान था। जिसके क्रम में गुरुवार को मानसून ने दस्तक दे दी।

मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, अगले कुछ दिन प्रदेश के ज्यादातर क्षेत्रों में भारी वर्षा हो सकती है। उत्तरकाशी, पिथौरागढ़, बागेश्वर, रुद्रप्रयाग, चमोली में कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ भारी वर्षा को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। देहरादून, पौड़ी, नैनीताल और टिहरी में आकाशीय बिजली चमकने व गर्जन के साथ तीव्र बौछार पड़ सकती हैं। पर्वतीय क्षेत्रों में भूस्खलन को लेकर सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

 

ग्रीष्मकाल रहा सूखा, मानसून में अधिक वर्षा के आसार

उत्तराखंड में एक मार्च से 31 मई तक ग्रीष्मकाल में सामान्य से 20 प्रतिशत कम वर्षा हुई। इसके बाद एक जून से मानसून सीजन की शुरुआत में भी प्रदेश के ज्यादातर क्षेत्र सूखे रहे। हालांकि, जून के तीसरे सप्ताह में पर्वतीय क्षेत्रों में प्री-मानसून शावर तेज हो गए।

कई क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ तीव्र बौछार और तेज हवा चलने का दौर जारी रहा। मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह के अनुसार, प्रदेश में मानसून पहुंच चुका है, जो कि सामान्य के करीब ही माना जाएगा। प्रदेश में इस बार मानसून में सामान्य से करीब 10 प्रतिशत अधिक वर्षा का अनुमान है।

16 वर्ष में चार बार समय पर नहीं पहुंचा मानसून

उत्तराखंड में बीते 16 वर्ष में चार बार मानसून एक सप्ताह विलंब से पहुंचा। तब यहां जुलाई में मानसून सक्रिय हो पाया। वर्ष 2010, 2012, 2014 और 2017 को छोड़कर हर बार मानसून समय पर पहुंचा है।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *