Uttarakhand Weather उत्तराखंड में पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता और चक्रवाती प्रवाह के कारण मौसम का मिजाज बदला हुआ है। मैदान से पहाड़ तक कहीं-कहीं हल्की से मध्यम वर्षा भी दर्ज की जा रही है। वहीं मौसम विभाग के मुताबिक अगले दो दिन दून समेत आसपास के क्षेत्रों में आंशिक बादल छाए रह सकते हैं। कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ हल्की बौछार पड़ सकती है।
देहरादून । Uttarakhand Weather: दून समेत ज्यादातर क्षेत्रों में बादलों की आंख-मिचौनी जारी है। इसके साथ ही मैदान से पहाड़ तक कहीं-कहीं हल्की से मध्यम वर्षा भी दर्ज की जा रही है। जिससे मैदानी क्षेत्रों में भीषण गर्मी से राहत है और पर्वतीय क्षेत्रों में सुबह-शाम ठिठुरन बनी हुई है।
अगले दो दिन दून समेत आसपास के क्षेत्रों में आंशिक बादल छाए रह सकते हैं। कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ हल्की बौछार पड़ सकती है। पर्वतीय क्षेत्रों में उत्तरकाशी, चमोली, बागेश्वर, रुद्रप्रयाग, पिथौरागढ़ और नैनीताल में हल्की वर्षा, आकाशीय बिजली चमकने और झोंकेदार हवाएं चलने की आशंका है।
चक्रवाती प्रवाह के कारण मौसम का मिजाज बदला
उत्तराखंड में पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता और चक्रवाती प्रवाह के कारण मौसम का मिजाज बदला हुआ है। पहाड़ से लेकर मैदान तक बादल मंडरा रहे हैं। पर्वतीय क्षेत्रों में कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बौछारों का सिलसिला जारी है। बीते तीन दिनों से हो रही वर्षा के बाद भीषण गर्मी से राहत है।
खासकर मैदानी क्षेत्रों में लू का प्रकोप थम गया है। हालांकि, दून समेत ज्यादातर क्षेत्रों में दोपहर में उमस बरकरार है। मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह के अनुसार आज और कल प्रदेश के ज्यादातर क्षेत्रों में बादल छाए रह सकते हैं।
पर्वतीय क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने और निचले इलाकों में कहीं-कहीं बौछार और झोंकेदार हवाएं चलने की आशंका है। जबकि 24 से 30 जून तक प्रदेश के ज्यादातर क्षेत्रों में वर्षा के तीव्र दौर हो सकते हैं। आकाशीय बिजली चमकने और झोंकेदार हवाएं चलने को लेकर आरेंज अलर्ट जारी किया गया है। साथ ही मौसम विभाग 25 जून के बाद कभी भी मानसून सक्रिय होने की औपचारिक घोषणा कर सकता है।